Jharkhand

JSSC परीक्षा घोटाला मामले में CID का एक्शन, हजारीबाग से शैलेश पासवान हिरासत में, नेटवर्क की हो रही जांच

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

हजारीबाग (HAZARIBAGH): JSSC परीक्षा घोटाला मामले में जैसे-जैसे CID की कार्रवाई आगे बढ़ रही है वैसे-वैसे परत दर परत खुलते जा रही है. इसी मामले में आज सीआईडी की टीम को एक और सफलता हाथ लगी है जहां हजारीबाग से शैलेश पासवान को पकड़ा गया है. अब उन्हें हिरासत में लेकर, जांच एजेंसी के अधिकारी पूछताछ कर रहे हैं. ऐसे में पूछताछ के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कथित परीक्षा गड़बड़ी में उसकी भूमिका क्या थी और वह इस पूरे मामले से जुड़े किन-किन लोगों के संपर्क में था.

बताते चलें कि JSSC से जुड़ी परीक्षा में अनियमितताओं को लेकर CID अलग-अलग स्तर पर हर संभव तरीके से जानकारी जुटा रही है. अब मामले में CID यह भी समझने की कोशिश कर रही है कि परीक्षा प्रक्रिया में गड़बड़ी किस स्तर पर हुई और इसमें कौन-कौन से लोग शामिल हो सकते हैं. साथ ही इसी कड़ी में अन्तर्राज्यीय गिरोह और कनेक्शन के साथ संदिग्धों की भूमिका और उनके आपसी संपर्कों की भी पड़ताल की जा रही है. इधर शैलेश पासवान से पूछताछ को इसी कड़ी का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है. जांच अधिकारी उसके मोबाइल संपर्क, लेनदेन और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटे हैं. हालांकि, उसकी भूमिका को लेकर अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा.

CID की कोशिश है कि पूछताछ के दौरान परीक्षा से संबंधित गतिविधियों और कथित नेटवर्क के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी हासिल की जा सके. जांच एजेंसी यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यदि परीक्षा में किसी तरह की अनियमितता हुई थी, तो उसके पीछे क्या मकसद था और इससे जुड़े लोगों के बीच किस तरह संपर्क बना हुआ था. जांच के दौरान संदिग्धों के बीच हुई बातचीत, आर्थिक लेनदेन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच किए जाने की संभावना है. एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि शैलेश पासवान की भूमिका किसी खास गतिविधि तक सीमित थी या वह कथित नेटवर्क के अन्य सदस्यों के साथ भी सक्रिय रूप से जुड़ा था.