Jharkhand

बस में सफर करना अब होगा महंगा, झारखंड ने 20 प्रतिशत तक बढ़ा किराया, जानिए नया रेट

Varsha Varma CE
Copy Editor
बस में सफर करना अब होगा महंगा, झारखंड ने 20 प्रतिशत तक बढ़ा किराया, जानिए नया रेट

हजारीबाग (HAZARIBAGH): जिले में बस से सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक बड़ी खबर है. अब बस में सफर करना महंगा होने वाला है. लोगों को पहले की तुलना में ज्यादा किराया देना होगा. हजारीबाग जिला बस ओनर्स एसोसिएशन ने परिवहन संचालन की बढ़ती लागत का हवाला देते हुए बस किरायों में 15 से 20 प्रतिशत तक बढ़ाने का फैसला लिया है. यह नई दरें तत्काल लागू कर दी गई हैं.

बस संचालकों का कहना है कि पिछले कुछ सालों में डीजल, टोल टैक्स, वाहन बीमा, टायर, स्पेयर पार्ट्स, चेसिस के दामों में में लगातार बढ़ोतरी हुई है. ऐसे में पुराने किराये पर बसों का संचालन करना मुश्किल होता जा रहा था. इसी वजह से एसोसिएशन की बैठक में किराया बढ़ाने का निर्णय लिया गया.

हजारीबाग से बरही का किराया 85 रुपये, कोडरमा स्टेशन का 140 रुपये और कोडरमा का 150 रुपये निर्धारित किया गया है. वहीं रांची जाने वाले यात्रियों को अब 420 रुपये चुकाने होंगे. देवघर और सिमरिया-इटखोरी-गिद्धौर रूट का किराया भी 420 रुपये तय किया गया है. भागलपुर जाने वाले यात्रियों के लिए किराया 600 रुपये कर दिया गया है.

इसके अलावा हजारीबाग से राजधनवार और खोरीमहुआ का किराया 240 रुपये, तिसरी और मंड़रो का 300 रुपये, चतरो का 310 रुपये तथा गावां और चकाई का किराया 360 रुपये निर्धारित किया गया है. रांची से देवघर का किराया 550 रुपये जबकि मरकच्चो से रांची का किराया 350 रुपये तय किया गया है.

बस के किराया में इजाफा होने से सबसे अधिक असर रोजाना यात्रा करने वाले छात्रों, नौकरीपेशा लोगों, छोटे व्यापारियों और ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों पर पड़ने की संभावना है. हालांकि बस मालिकों का कहना है कि यात्रियों को सुरक्षित और बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए यह कदम जरूरी था. एसोसिएशन ने यात्रियों से संशोधित किराये के अनुसार भुगतान करने की अपील की है.