☰
Jharkhand

बड़ी खबर: हजारीबाग के होटल एके इंटरनेशनल पर चार राउंड फायरिंग, इलाके में दहशत

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

 हजारीबाग(HAZARIBAGH): जिले के कोर्रा थाना क्षेत्र के मटवारी स्थित होटल एके इंटरनेशनल को अज्ञात अपराधियों ने निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ चार राउंड गोलियां चलाईं. घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हालांकि, राहत की बात यह है कि गोलीबारी में किसी के घायल होने या जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है.

मुख्य गेट को बनाया निशाना

घटना गुरुवार रात करीब 10 बजे की है. होटल प्रबंधन के मुताबिक, कुछ अज्ञात अपराधी होटल के पास पहुंचे और मुख्य प्रवेश द्वार के शीशे पर निशाना साधकर लगातार चार गोलियां दाग दीं. अचानक हुई फायरिंग से होटल में मौजूद कर्मचारियों और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. घटना के तुरंत बाद होटल कर्मचारियों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी.

कई थानों की पुलिस ने संभाला मोर्चा

फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई. एएसपी अमित कुमार, एसडीपीओ रूपक कुमार सिंह और कोर्रा थाना प्रभारी नेमधारी रजक समेत विभिन्न थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए. इसके साथ ही आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

मामले में सदर एसडीपीओ रूपक कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस घटना की गंभीरता से जांच कर रही है. आसपास के प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है. फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान भी शुरू कर दिया गया है.

वहीं, मटवारी जैसे व्यस्त इलाके में होटल को निशाना बनाकर की गई इस फायरिंग से स्थानीय लोगों और कारोबारियों में चिंता बढ़ गई है. अब पुलिस के सामने अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने की चुनौती है.

रिपोर्ट- शशांक शेखर सिंह