Jharkhand

हजारीबाग के बरकट्ठा में सड़क किनारे मिला अज्ञात महिला का शव, हत्या की आशंका

Rashmi Prasad CE
Copy Editor
हजारीबाग के बरकट्ठा में सड़क किनारे मिला अज्ञात महिला का शव, हत्या की आशंका

हजारीबाग (HAZARIBAGH): जिले के बरकट्ठा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है जहां सलेया जंगल में मंगलवार को सड़क किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. एक राहगीर के अनुसार, जब वो जंगल की तरफ से गुजर रहे थे तभी उसकी नज़र सबसे पहले शव पर पड़ी, जिसके बाद उसने तुरंत इसकी जानकारी स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस को दी. देखते ही देखते मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई. घटना की सूचना मिलते ही बरकट्ठा थाना पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए मामले की छानबीन शुरू कर दी.

शव की स्थिति और हालात को देखकर स्थानीय लोगों ने यह गंभीर आशंका जताई है कि महिला की किसी अन्य स्थान पर हत्या की गई है. इसके बाद सबूत छिपाने की नीयत से शव को सलेया जंगल के समीप सड़क किनारे लाकर फेंक दिया गया है. हालांकि, पुलिस प्रशासन ने अभी तक आधिकारिक तौर पर हत्या की पुष्टि नहीं की है. पुलिस टीम ने घटनास्थल से आवश्यक वैज्ञानिक और भौतिक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतका की पहचान करने की कोशिशों में जुटी है.

पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी पूरी कर ली है. बरकट्ठा थाना प्रभारी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक और सटीक कारणों का खुलासा हो सकेगा. घटना के बाद से ही पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. पुलिस ने आम जनता से विशेष अपील की है कि यदि किसी के पास भी इस महिला की पहचान या घटना से जुड़ी कोई भी संदिग्ध जानकारी हो, तो वे तत्काल पुलिस को सूचित करें. पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गंभीरता से पड़ताल कर रही है.