☰
Jharkhand

हजारीबाग पहुंचे भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज, कार्यकर्ताओं से बोले- गांव-गांव तक पहुंचाएं अभियान

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

हजारीबाग (HAZARIBAGH): जिले में भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ जन जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. जिसमें प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज हजारीबाग पहुंचे और भाजयुमो के कार्यकर्ताओं को संगठित होकर इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की है. इन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी पार्टी मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), ईवीएम और अन्य मुद्दों पर देश भर में भ्रम  और अराजकता पैदा करने की कोशिश कर रहा है.  भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता होने के नाते आम लोगों को जागरूक करना है और बताता है कि किस तरह से विपक्षी पार्टी भ्रम पैदा कर रही है.

SIR और EVM को लेकर विपक्ष पर साधा निशाना

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शशांक राज ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), ईवीएम और दूसरे मुद्दों को लेकर देशभर में भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहा है. उनके मुताबिक, विपक्ष के इस अभियान का जवाब देने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि लोगों को तथ्यों की जानकारी देकर यह समझाना होगा कि किस तरह राजनीतिक मुद्दों पर भ्रम की स्थिति पैदा की जा रही है.

झारखंड सरकार पर भी लगाए आरोप

कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर भी हमला बोला. उन्होंने सरकार पर भ्रष्टाचार और युवाओं के रोजगार से जुड़े मामलों में लापरवाही के आरोप लगाए. शशांक राज ने कहा कि राज्य में नौकरियों को लेकर युवाओं के बीच नाराजगी है और भर्ती प्रक्रिया पर भी सवाल उठ रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में नौकरी बेची जा रही है. हालांकि, ये आरोप भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की ओर से लगाए गए हैं.

कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारी में जुटने की अपील

शशांक राज ने कार्यकर्ताओं से आने वाले समय में चुनाव को देखते हुए अभी से संगठन मजबूत करने की अपील की. उन्होंने कहा कि पार्टी के युवा कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करें और सरकार की नीतियों व कामकाज को लेकर जनता के बीच अपनी बात रखें. उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ अभियान में जुटने का आह्वान किया.

रिपोर्ट- शेखर सिंह