हजारीबाग:भारतीय जनता पार्टी की ओर से देशभर में चलाए जा रहे ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत हजारीबाग में पदयात्रा का आयोजन किया गया. इसमें केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए. पदयात्रा के माध्यम से भाजपा नेताओं ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को लेकर भ्रम फैलाने तथा देश में अराजकता का माहौल बनाने का आरोप लगाया.
हजारीबाग पहुंचीं केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि कांग्रेस देश में अराजकता फैलाना चाहती है. इसके खिलाफ अब आम जनता सड़कों पर उतरकर जवाब दे रही है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस देशभर में भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है, लेकिन जनता को उस पर विश्वास नहीं है. कुछ लोग विदेशी शक्तियों के साथ मिलकर टूलकिट के रूप में काम कर रहे हैं और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल खड़े कर रहे हैं. उन्होंने कांग्रेस पर दोहरे चरित्र का आरोप लगाते हुए कहा कि जहां पार्टी चुनाव जीतती है, वहां सब कुछ ठीक बताती है, जबकि हारने पर चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाने लगती है.
हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल पूरे देश में झूठ की राजनीति कर भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं. इसी का जवाब देने के लिए भाजपा ने देशव्यापी पदयात्रा शुरू की है. उन्होंने कहा कि इस अभियान में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय लोगों की भागीदारी भी देखने को मिल रही है. जनता समय आने पर कांग्रेस को जवाब देगी.
वहीं, कार्यक्रम प्रभारी बिरंचि नारायण ने तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि देशद्रोही कांग्रेस कार्यालय के दफ्तर में मिलेंगे. उन्होंने आरोप लगाया कि देश के टुकड़े-टुकड़े गैंग का ठिकाना भी कांग्रेस कार्यालय है. उनके अनुसार, देश को अराजकता की स्थिति में पहुंचाने का काम ऐसे ही लोग कर रहे हैं.इस पदयात्रा में सदर विधायक प्रदीप प्रसाद, बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी, बरकट्ठा विधायक अमित यादव और पूर्व विधायक किशुन दास सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे.
रिपोर्ट: शेखर सिंह
