Jharkhand

बड़ी खबर: अगली बार गाड़ियों पर नहीं, लोगों पर चलेगी गोली... कोयला परियोजना पर ताबड़तोड़ फायरिंग, राहुल दुबे गैंग ने ली जिम्मेदारी

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

हजारीबाग (HAZARIBAGH): बड़कागांव थाना क्षेत्र स्थित चंद्रगुप्त कोल परियोजना में कार्यरत सुश्री इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी के वाहनों पर हुई गोलीबारी की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है. घटना के बाद कुख्यात राहुल दुबे गैंग ने सोशल मीडिया पर जारी एक बयान के जरिए इसकी जिम्मेदारी लेते हुए कंपनी प्रबंधन को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी है.

सोशल मीडिया पर वायरल किए गए कथित प्रेस बयान में गैंग की ओर से दावा किया गया है कि सोमवार रात करीब 10 बजे कंपनी के वाहनों पर की गई फायरिंग उनके लोगों द्वारा अंजाम दी गई. बयान में कंपनी से जुड़े एक अधिकारी का नाम लेते हुए कहा गया कि यह हमला केवल चेतावनी देने और उनकी "आंखें खोलने" के उद्देश्य से किया गया था.

कर्मचारियों को निशाना बनाने की धमकी
बयान में आगे और भी गंभीर धमकियां दी गई हैं. गैंग ने कहा है कि यदि कंपनी उनकी बातों को नजरअंदाज करती रही तो अगली बार निशाना केवल वाहन नहीं होंगे, बल्कि वहां काम करने वाले कर्मचारी और अधिकारी भी हो सकते हैं. चेतावनी में कहा गया है कि भविष्य में ड्राइवर, मुंशी या अन्य स्टाफ को भी बख्शा नहीं जाएगा.

इस धमकी के सामने आने के बाद परियोजना क्षेत्र में काम कर रहे कर्मचारियों और स्थानीय लोगों के बीच भय का माहौल है. वहीं सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुट गई हैं. पुलिस सोशल मीडिया पर जारी बयान की सत्यता की जांच करने के साथ-साथ फायरिंग की घटना में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है. घटना ने एक बार फिर कोयला क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक गिरोहों और रंगदारी से जुड़े मामलों को चर्चा के केंद्र में ला दिया है. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं.