☰
Jharkhand

बड़ी खबर: पुलिस-राहुल दुबे गैंग के बीच मुठभेड़, दो बदमाशों का हाफ एनकाउंटर

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

हजारीबाग (HAZARIBAGH): झारखंड के हजारीबाग जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात राहुल दुबे गैंग के दो कथित सदस्यों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. केरेडारी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुई इस कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसके साथी को भी मौके से दबोच लिया गया. पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपी खनन क्षेत्र में लेवी वसूली की योजना से पहुंचे थे और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे.

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बुकरु गांव और चंद्रगुप्त माइंस कंपनी के आसपास बाइक सवार कुछ संदिग्ध अपराधी सक्रिय हैं. सूचना मिलते ही केरेडारी थाना और पगार ओपी की संयुक्त पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर वाहन जांच अभियान शुरू किया. इसी दौरान पुलिस का सामना बाइक सवार संदिग्धों से हुआ. पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपियों ने भागने की कोशिश की और जंगल की ओर बढ़ते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी.

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई. घायल होने के बाद दोनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया. घायल आरोपी को पहले बड़कागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, हजारीबाग रेफर कर दिया गया.

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्टल और एक अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद की है. पुलिस के मुताबिक, भागने के दौरान आरोपियों ने हथियार फेंककर बचने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे भी बरामद कर लिया. पूछताछ के दौरान दोनों आरोपी लगातार अपना नाम और पहचान बदलने की कोशिश कर रहे हैं. पुलिस उनकी वास्तविक पहचान, आपराधिक रिकॉर्ड और राहुल दुबे गैंग में उनकी भूमिका की जांच कर रही है.

घटना की जानकारी मिलते ही हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार और बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. एसपी ने बताया कि शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी खनन क्षेत्र में लेवी वसूली के उद्देश्य से पहुंचे थे. मामले में गैंग के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी जारी है. केरेडारी थाना प्रभारी वेद प्रकाश ने भी पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ की पुष्टि की है. पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद पूरे नेटवर्क और इस साजिश से जुड़े अन्य लोगों का भी खुलासा होने की संभावना है. हाल के दिनों में खनन क्षेत्रों में सक्रिय लेवी नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है. सफलता माना जा रहा है. सफलता माना जा रहा है. सफलता माना जा रहा है.