☰
Jharkhand

BIG BREAKING: हजारीबाग में पुलिस और राहुल दुबे गैंग के बीच मुठभेड़, दो अपराधियों को लगी गोली

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

हजारीबाग (HAZARIBAGH): हजारीबाग जिले में लगातार फायरिंग की घटनाओं को अंजाम देकर दहशत फैलाने वाले राहुल दुबे गैंग के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. सोमवार को कटकमसांडी थाना क्षेत्र के डाटो खुर्द पंचायत में रेवर जाने वाले रास्ते पर पुलिस और राहुल दुबे गैंग से जुड़े अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई. इस दौरान दोनों ओर से फायरिंग हुई, जिसमें गैंग के दो अपराधियों के पैरों में गोली लगी है. वहीं दो अन्य अपराधी मौके से फरार होने में सफल रहे. घायल अपराधियों को बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग भेजा गया है.

जानकारी के अनुसार, पिछले कई दिनों से जिले में फायरिंग की घटनाओं में राहुल दुबे गैंग का नाम सामने आ रहा था. चौपारण और हजारीबाग स्थित एके इंटरनेशनल होटल के दोनों ब्रांच, बरही के एके पैलेस होटल तथा केरेडारी में कोल खनन का कार्य करने वाली रित्विक कंपनी के गेट पर फायरिंग की घटनाएं हुई थीं. इन घटनाओं के बाद मौके से राहुल दुबे गैंग के नाम से पर्चे भी बरामद हुए थे.

लगातार हो रही इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए हजारीबाग पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा था. इसी बीच पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली कि राहुल दुबे गैंग के चार सदस्य कटकमसांडी थाना क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना से इकट्ठा हुए हैं. सूचना के आधार पर पुलिस की विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई.

पुलिस टीम को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें दो अपराधी घायल हो गए. इस दौरान अपराधी मोटरसाइकिल समेत गिर पड़े. पुलिस ने घटनास्थल से फायरिंग में इस्तेमाल किया गया हथियार और मोटरसाइकिल जब्त कर लिया है. फरार दो अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.

घटना के बाद पुलिस अधीक्षक स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी लेते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया. उन्होंने बताया कि पिछले कई दिनों से जिले में हुई फायरिंग की घटनाओं में राहुल दुबे गैंग का नाम सामने आया था. आज पकड़े गए अपराधियों का भी उन घटनाओं से संबंध होने की संभावना है. घायलों से इलाज के बाद विस्तृत पूछताछ की जाएगी, जिसके बाद कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आने की उम्मीद है.

फिलहाल घायल और फरार अपराधियों की पहचान तथा अन्य आपराधिक मामलों में उनकी संलिप्तता को लेकर पुलिस जांच कर रही है. जांच पूरी होने के बाद हजारीबाग पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी.

रिपोर्ट: शशांक शेखर सिंह