☰
Jharkhand

बाबूलाल मरांडी का कांग्रेस पर निशाना, बोले- लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान से करेंगे जनता को जागरूक

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

हजारीबाग(HAZARIBAGH): भारतीय जनता पार्टी के लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान को लेकर गुरुवार को हजारीबाग में नेता प्रतिपक्ष एवं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने प्रेस वार्ता की. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर कई गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एनडीए के सत्ता में आने के बाद से कांग्रेस नेता राहुल गांधी, सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे समेत विपक्ष के नेताओं को परेशानी हो रही है.

बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि विपक्ष नए-नए तरीकों से आंदोलन कर देश में अराजकता की स्थिति उत्पन्न करने का प्रयास कर रहा है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन के नेताओं द्वारा ‘रिजीम चेंज’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल करना और बांग्लादेश के आंदोलन से प्रेरणा लेने की बात करना चिंताजनक है. उनके अनुसार, इस तरह की बयानबाजी लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है.

त्योहारों के दौरान प्रदर्शन पर उठाए सवाल

मरांडी ने एक नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित कांग्रेस की रैली पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में आंदोलन करना सभी का अधिकार है, लेकिन त्योहारों के दौरान ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने से आम लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए. उन्होंने दुर्गापूजा के दौरान जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि दीपावली और छठ के समय दिल्ली में प्रस्तावित रैली से भी लोगों को असुविधा हो सकती है.

राहुल गांधी पर की टिप्पणी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 15 अगस्त के भाषण का उल्लेख करते हुए मरांडी ने कहा कि हथियारबंद नक्सलियों के अलावा वैचारिक रूप से लोकतांत्रिक व्यवस्था का विरोध करने वाली प्रवृत्तियों पर भी चिंता जताई गई थी. इसी संदर्भ में उन्होंने राहुल गांधी और विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए उन्हें ‘दिमागी नक्सली’ कहा. उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकार को बदलने की बात करना लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति विरोध दर्शाता है.

मरांडी ने बताया कि भाजपा इस अभियान के तहत प्रेस वार्ता, पदयात्रा और अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जागरूक करेगी. उन्होंने कहा कि चार नवंबर को हजारीबाग में पदयात्रा निकाली जाएगी. अभियान का उद्देश्य लोकतंत्र की रक्षा और अराजकता के खिलाफ जनजागरण करना है.

रिपोर्ट- शशांक शेखर