☰
Jharkhand

हजारीबाग: छठ पूजा और गोवाष्टमी के बैनर फाड़ने पर बवाल, हिंदू समाज ने 24 घंटे का दिया अल्टीमेटम

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

हजारीबाग (HAZARIBAGH): नगर निगम हजारीबाग की कार्यशैली को लेकर विवाद गहराता जा रहा है. छठ पूजा और गोवाष्टमी के लिए लगाए गए बैनर फाड़े जाने तथा आर्ष कन्या गुरुकुल के आचार्य के साथ कथित बदसलूकी के विरोध में बुधवार को हिंदू समाज के लोगों और छठ पूजा फल वितरण समिति के सदस्यों ने नगर निगम कार्यालय के बाहर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया.

प्रदर्शनकारियों का आरोप

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मंगलवार को नगर निगम की टीम ने छठ महापर्व के अवसर पर लगाए गए बैनर को फाड़ दिया. इसी दौरान गोवाष्टमी पूजा के लिए लगाए गए बैनर को भी हटाने के क्रम में फाड़ दिया गया. आरोप है कि इस कार्रवाई के दौरान आर्ष कन्या गुरुकुल के आचार्य के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया. प्रदर्शनकारियों ने इस पूरे मामले में सहायक नगर आयुक्त अनिल पांडे पर बदसलूकी करने का आरोप लगाया है.

सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड

हिंदू समाज के लोगों का कहना है कि घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है. उनका आरोप है कि यदि वहां सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा होता तो इस घटना से दो समुदायों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती थी. प्रदर्शनकारियों ने इसे धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला कृत्य बताते हुए नगर निगम प्रशासन के प्रति नाराजगी जाहिर की.

नगर निगम प्रशासन को ज्ञापन सौंपा

धरना समाप्त होने के बाद प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम प्रशासन को ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि 24 घंटे के भीतर पूर्व में लगाए गए सभी पोस्टर और बैनर सम्मानपूर्वक उसी स्थान पर दोबारा लगाए जाएं तथा नगर निगम इस पूरे मामले को लेकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगे.

24 घंटे का दिया अल्टीमेटम

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा में उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो नगर निगम कार्यालय के बाहर नगर आयुक्त ओमप्रकाश गुप्ता का पुतला दहन किया जाएगा. फिलहाल इस मामले को लेकर नगर निगम प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं. वहीं, आरोपों पर नगर निगम प्रशासन का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है.

रिपोर्ट- शशांक शेखर सिंह