Jharkhand

सैनिक स्कूल में सफाईकर्मी को सेप्टिक टैंक में धकेलने का आरोप, 2 कर्मचारियों पर SC/ST Act में FIR दर्ज

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

हजारीबाग (HAZARIBAGH):  जिले से एक मामला सामने आया है जहां सैनिक स्कूल तिलैया, कोडरमा के दो कर्मचारियों के खिलाफ बरही थाना में एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है. मामला स्कूल के सफाईकर्मी किशुन राम की शिकायत से जुड़ा है. शिकायत में स्कूल के क्वार्टर मास्टर पीपी घोष और लोअर डिवीजन क्लर्क मृत्युंजय कुमार पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं. किशुन राम का आरोप है कि दोनों ने उसे मल से भरे सेप्टिक टैंक की हाथों से सफाई करने के लिए दबाव बनाया. उसके इनकार करने पर कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया और उसे सीवर टैंक में धकेल दिया गया. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

शिकायत के अनुसार, किशुन राम बरही के तिलैया बस्ती का रहने वाला है और सैनिक स्कूल तिलैया में सफाई कर्मचारी के तौर पर काम करता था. उसके साथ नागेश्वर राम भी सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत था. किशुन राम ने पुलिस को बताया कि 18 सितंबर 2025 की सुबह दोनों स्कूल परिसर में सफाई का काम कर रहे थे. इसी दौरान एलडीसी मृत्युंजय कुमार कथित तौर पर दोनों को अपने क्वार्टर ले गए. वहां उन्हें सेप्टिक टैंक में उतरकर हाथों से सफाई करने के लिए कहा गया. किशुन राम ने जब इस काम को करने से मना किया, तो आरोप है कि मृत्युंजय कुमार ने क्वार्टर मास्टर पीपी घोष को वहां बुलाया.

किशुन राम का आरोप है कि पीपी घोष ने वहां पहुंचकर उसके साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया. विरोध करने पर दोनों कर्मचारियों ने कथित तौर पर उसे मल से भरे सीवर टैंक में धक्का दे दिया. शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के बाद उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया. किशुन राम का दावा है कि इसके बाद उसे सैनिक स्कूल से बिना किसी स्पष्ट सूचना के हटा दिया गया. फिलहाल पुलिस ने एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. आरोपों की सच्चाई जांच और आगे की कानूनी प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगी.