Jharkhand

हजारीबाग में प्रिंस खान गिरोह का सक्रिय सदस्य गिरफ्तार, पिस्टल और 6 कारतूस बरामद

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

हजारीबाग (HAZARIBAGH): जिले में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित तौर पर प्रिंस खान गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है. बड़कागांव थाना पुलिस ने आरोपी के पास से 9 एमएम की पिस्टल, छह जिंदा कारतूस, गिरोह से संबंधित दो पर्चे और एक सैमसंग मोबाइल फोन बरामद किया है. पुलिस के अनुसार, हजारीबाग एसपी को सूचना मिली थी कि बड़कागांव थाना क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों से जुड़ा एक संदिग्ध व्यक्ति मौजूद है. सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया. इसके बाद टीम ने ग्राम कोयलंग स्थित बाकपंजा टोला के पास चेकिंग अभियान शुरू किया. इसी दौरान जंगल के पास एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस के हत्थे चढ़ गया.

पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध को हिरासत में लिया और पूछताछ के बाद उसकी पहचान संदीप मेहता उर्फ संदीप कुशवाहा के रूप में हुई. तलाशी के दौरान उसके पास से 9 एमएम की पिस्टल और छह जिंदा गोलियां बरामद की गईं. इसके अलावा पुलिस को प्रिंस खान गिरोह से संबंधित KSS लिखा हुआ दो पर्चे और एक सैमसंग मोबाइल फोन भी मिला. पुलिस ने बरामद हथियार, कारतूस, पर्चों और मोबाइल को जब्ती सूची तैयार कर विधिवत जब्त कर लिया. इस कार्रवाई के बाद बड़कागांव थाना में कांड संख्या 157/26, दिनांक 6 सितंबर 2026 दर्ज किया गया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 111(3), 111(4) और 61(2) के साथ आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)a/26/35 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है.

गिरफ्तार आरोपी की पहचान तलसवार निवासी संदीप मेहता उर्फ संदीप कुशवाहा के रूप में हुई है. प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी की कथित तौर पर गिरोह में क्या भूमिका थी. साथ ही बरामद हथियार और पर्चों के इस्तेमाल को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी किसी बड़ी आपराधिक वारदात की तैयारी में था या नहीं और गिरोह के अन्य सदस्यों से उसका किस तरह का संपर्क था. जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.