☰
Jharkhand

हजारीबाग: सड़क पार कर रही महिला को ट्रक ने कुचला, मौके पर मौत, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

हजारीबाग (HAZARIBAGH): जिले के गोरहर थाना क्षेत्र के बरही-धनबाद मुख्य मार्ग स्थित धरगुली मोड़ के पास सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई. मृतका की पहचान गोरहर गांव निवासी तिलकी देवी के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों के अनुसार महिला शौच के लिए सड़क पार कर रही थी. इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने शव के साथ बरही-धनबाद मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. परिजनों की मांग है कि मृतका के आश्रितों को उचित मुआवजा दिया जाए और फरार ट्रक को जल्द पकड़ा जाए. कई घंटों से सड़क जाम रहने के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित रहा. सूचना पर गोरहर थाना प्रभारी रवि रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया. पुलिस ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है.

मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और मृतका के परिजनों ने बरही-धनबाद मुख्य मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया. उनकी मांग थी कि मृतका के आश्रितों को उचित मुआवजा दिया जाए और हादसे के लिए जिम्मेदार फरार ट्रक चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जाए. सड़क जाम के कारण इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई. कई घंटों तक यातायात प्रभावित रहने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा.

पुलिस ने दिया कार्रवाई का आश्वासन

सड़क जाम की सूचना मिलने पर गोरहर थाना प्रभारी रवि रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने ग्रामीणों और परिजनों को समझाने का प्रयास किया और मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया. पुलिस के आश्वासन के बाद जाम हटाने को लेकर बातचीत की गई. फिलहाल ग्रामीण फरार ट्रक चालक की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग पर अड़े रहे.

रिपोर्ट- शशांक शेखर सिंह