☰
Jharkhand

छठ पर्व शुरू होने से पहले घाटों पर स्टोन डस्ट बिछाने के लिए 10 लाख का टेंडर, नगर निगम की कार्यशैली पर उठे सवाल

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

हजारीबाग (HAZARIBAGH): नगर निगम हजारीबाग की कार्यशैली एक बार फिर सवालों के घेरे में है. इस बार मामला लोक आस्था के महापर्व छठ से जुड़ा है. छठ पर्व की शुरुआत 13 नवंबर से होनी है, जबकि नगर निगम ने छठ घाटों पर स्टोन डस्ट बिछाने के लिए लगभग 10 लाख रुपये का टेंडर जारी किया है. हैरानी की बात यह है कि निविदा प्रक्रिया 13 नवंबर से शुरू होकर 14 नवंबर को समाप्त होगी. ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि जब पर्व शुरू होने के दिन ही टेंडर प्रक्रिया पूरी होगी, तो छठ घाटों पर समय रहते स्टोन डस्ट कैसे बिछाया जाएगा?

निविदा प्रक्रिया को बताया गलत

इस मामले में हजारीबाग के पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता ने भी निविदा प्रक्रिया को गलत बताते हुए सवाल उठाए हैं. उन्होंने छठ घाटों की सफाई व्यवस्था पर भी नाराजगी जाहिर की है. वहीं, डिप्टी मेयर अविनाश कुमार ने निविदा के संबंध में बताया कि दुर्गा पूजा के दौरान ही कई स्थानों पर स्टोन डस्ट गिराया गया था. उन्होंने कहा कि निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद दुर्गा पूजा में जिन स्थानों पर स्टोन डस्ट गिराया गया है, उसकी राशि काटकर शेष भुगतान संवेदक को किया जाएगा. हालांकि, डिप्टी मेयर के इस बयान ने एक नया सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या पहले किए गए कार्यों को बाद में जारी निविदा में समायोजित करना नियमों के अनुरूप है? क्या इस तरह सरकारी राशि का भुगतान किया जा सकता है?

अब आगे क्या

इस संबंध में जानकारी लेने के लिए नगर निगम के कार्यपालक अभियंता रमेश सिंह से कई बार टेलीफोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया. उनसे यह जानना था कि पर्व के बीच में पूरी होने वाली इस निविदा की शर्तें क्या हैं और 90 दिनों की कार्य अवधि का प्रावधान किस उद्देश्य से रखा गया है? कहीं यह निविदा अगले वर्ष के छठ पर्व की तैयारी से तो जुड़ी नहीं है? फिलहाल, छठ घाटों के लिए जारी यह निविदा नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है. अब देखना होगा कि नगर निगम इन सवालों का क्या जवाब देता है और छठ व्रतियों को समय पर बेहतर घाट और सुविधाएं मिल पाती हैं या नहीं.

रिपोर्ट- शेखर सिंह