गुमला(GUMLA): जिले में सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया. बारात से लौट रही एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई. हादसा इतना भीषण था कि दूल्हे के पिता समेत दो लोगों की जान चली गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.जहां थोड़ी देर पहले खुशियां थी वही अब मातम में बदल गई. बसिया प्रखंड के लोंगा गांव से गुरुवार रात एक बारात कुम्हारी गांव गई थी. शादी की रस्में पूरी होने के बाद शनिवार आज बाराती वापस लौट रहे थे. इसी दौरान पालकोट स्थित काली मंदिर के पास यह हादसा हुआ.
बताया जा रहा है कि चालक को रास्ते में झपकी आ गई, जिससे कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे में कार चला रहे कलेश्वर साहू की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं गंभीर रूप से घायल दीनबंधु साहू को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया. घटना में बालमुकुंद साहू मनोज ठाकुर, रामदरस पांडेय और संदीप साहू घायल हो गए. इस हादसे ने एक परिवार की खुशियों को दुख में बदल दिया है. जिस घर में शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है.
