☰
Jharkhand

शर्मनाक! मवेशी चराने गई 14 वर्षीय छात्रा से चार नाबालिगों ने किया सामूहिक दुष्कर्म

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

गुमला (GUMLA): जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में छठी कक्षा में पढ़ने वाली 14 वर्षीय छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है. इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को निरुद्ध किया है. चौंकाने वाली बात यह है कि चारों आरोपी भी नाबालिग हैं और उनकी उम्र 14 से 16 वर्ष के बीच बताई जा रही है.

मिली जानकारी के अनुसार, घटना 9 नवंबर की है. छात्रा गांव के जंगल की ओर मवेशी चराने गई थी. इसी दौरान शाम करीब चार बजे गांव के ही चार नाबालिग लड़कों ने उसे अकेला पाकर कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया. घटना के बाद घर पहुंची छात्रा ने परिजनों को आपबीती सुनाई. इसके बाद 17 नवंबर को पीड़िता के पिता ने चैनपुर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई.

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और पीड़िता की मेडिकल जांच कराई. इसके बाद उसे बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया. वहीं, पुलिस ने छापेमारी कर चारों आरोपियों को उनके घर से निरुद्ध किया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में बाल सुधार गृह, गुमला भेज दिया गया.

रिपोर्ट: सुशील सिंह