Jharkhand

गुमला में बारिश का कहर, मिट्टी का घर ढहने से एक ही परिवार के तीन लोग दबे

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

गुमला (GUMLA): झारखंड में मॉनसून आते ही अलग अलग जिले में भारी बारिश और वज्रपात देखने को मिल रही है. ऐसे में गुमला जिले से बारिश का कहर देखने को मिला जहां चैनपुर प्रखंड अंतर्गत बसाईर टोली में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने एक परिवार पर कहर बरपा दिया. दरअसल, प्रसतन रौतिया नामक युवक का मिट्टी का घर अचानक भरभराकर ढह गया. हादसे के समय परिवार के सभी सदस्य घर के भीतर गहरी नींद में सो रहे थे. घर गिरने से 55 वर्षीय प्रसतन रौतिया, उनकी 50 वर्षीय पत्नी टेनी देवी और पांच वर्षीय पुत्र रितिक सिंह मलबे में दबकर घायल हो गए. घर गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया. ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद तीनों घायलों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया.

घटना में पांच वर्षीय रितिक सिंह के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि उसके माता-पिता को भी चोटें आई हैं. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने रितिक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए गुमला सदर अस्पताल रेफर कर दिया. घटना की सूचना मिलने पर बेंदोरा पंचायत के मुखिया सुशील दीपक मिंज भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार का हालचाल जाना. उन्होंने तत्काल राहत के रूप में परिवार को एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया. स्थानीय लोगों ने भी प्रभावित परिवार की मदद के लिए आगे आकर मानवता की मिसाल पेश की.

बता दें, लगातार हो रही बारिश के बीच इस घटना ने क्षेत्र में कच्चे और जर्जर मकानों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा, राहत सामग्री और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की मांग की है. साथ ही बारिश के मौसम में जर्जर मकानों में रहने वाले परिवारों की पहचान कर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने की भी अपील की गई है. प्रशासन ने भी लोगों से लगातार बारिश के दौरान कमजोर और जर्जर मकानों में नहीं रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन को सूचना देने की अपील की है.