☰
Jharkhand

निशा भगत के परिजनों से मिलीं राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर, कहा- दोषियों पर हो सख्त कार्रवाई

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

गुमला (GUMLA): राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर ने गुमला पहुंचकर सामाजिक कार्यकर्ता स्वर्गीय निशा भगत के परिजनों से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि निशा को न्याय दिलाने के लिए आयोग हरसंभव प्रयास करेगा. उन्होंने झारखंड में महिलाओं के खिलाफ लगातार सामने आ रही उत्पीड़न की घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि ऐसे मामलों को आयोग गंभीरता से ले रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन और पुलिस व्यवस्था को अपनी जिम्मेदारी बेहतर तरीके से निभानी होगी.

निशा भगत मामले में सीबीआई जांच की जानकारी

मीडिया से बातचीत के दौरान विजया राहटकर ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि राज्य सरकार ने निशा भगत मामले में सीबीआई जांच की अनुशंसा की है. उन्होंने कहा कि केवल सीबीआई जांच की अनुशंसा कर देना ही राज्य सरकार की जिम्मेदारी खत्म नहीं करता. सरकार को यह भी देखना होगा कि आखिर ऐसी परिस्थितियां क्यों बन रही हैं, जिनमें महिलाओं को इस तरह के कदम उठाने पड़ रहे हैं. व्यवस्था में कहां कमी है और शिकायत मिलने पर पुलिस एवं प्रशासन की क्या भूमिका होनी चाहिए, इन सभी पहलुओं पर गंभीरता से काम करने की जरूरत है.

झारखंड में महिलाओं के खिलाफ घटनाओं पर जताई चिंता

राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि हाल के दिनों में झारखंड में महिलाओं के साथ उत्पीड़न की कई घटनाएं सामने आई हैं, जो चिंता का विषय हैं. उन्होंने बताया कि निशा भगत मामले की जानकारी मिलते ही उन्होंने झारखंड के डीजीपी से बात की थी और मामले में गंभीरता से कार्रवाई करने का निर्देश दिया था. उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ होने वाली घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस और प्रशासनिक व्यवस्था को और प्रभावी बनाना होगा. केवल घटना के बाद कार्रवाई करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए भी ठोस कदम उठाने होंगे.

सोशल मीडिया पर महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियों पर भी चिंता

विजया राहटकर ने सोशल मीडिया पर महिलाओं के खिलाफ की जाने वाली आपत्तिजनक टिप्पणियों और अभद्र भाषा पर भी चिंता जताई. उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर महिलाओं को लेकर जिस तरह की बातें कही जाती हैं, वह भी गंभीर मामला है. आयोग इन सभी विषयों को गंभीरता से देख रहा है और जरूरी कार्रवाई की दिशा में पहल की जाएगी.

रांची में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ करेंगी बैठक

राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने बताया कि गुमला दौरे के बाद वह रांची में पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगी. इस दौरान महिलाओं के खिलाफ होने वाली घटनाओं, शिकायतों पर कार्रवाई और प्रशासन की भूमिका की समीक्षा की जाएगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि महिलाओं की सुरक्षा और उत्पीड़न से जुड़े मामलों में आयोग किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगा. साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए व्यवस्था को मजबूत करने पर भी चर्चा की जाएगी.

रिपोर्ट- सुशील कुमार सिंह