गुमला (GUMLA): झारखंड की आदिवासी नेत्री निशा भगत मामले में अब राजनीतिक टूल पकड़ चुका है. विपक्षी पार्टी निशा भगत मामले में सरकार पर सवाल खड़े कर रही है. ऐसे में राज्य के डुमरी विधायक जयराम महतो आज गुमला पहुंचकर निशा भगत के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढाढस दिया. साथ ही इस दुख की बेला में साथ होने की बात कही. विधायक अपने सहयोगियों के साथ उनके घर पहुंचे थे.
माता-पिता से मिले
विधायक जयराम महतो अपने सहयोगियों के साथ सबसे पहले निशा भगत के घर पहुंचे. वहां उन्होंने उनके पिता हदू भगत और माता देविका भगत से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने परिवार से पूरी घटना की जानकारी ली और उन्हें हिम्मत रखने की बात कही. जयराम महतो ने कहा कि एक बेटी को खोने का दर्द परिवार के लिए बेहद बड़ा होता है. ऐसे समय में सरकार को भी पीड़ित परिवार के साथ खड़ा होना चाहिए और उन्हें न्याय का भरोसा दिलाना चाहिए.
सीबीआई जांच से न्याय की उम्मीद
निशा भगत मामले में जयराम महतो ने निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की. उन्होंने कहा कि मामले की जांच हर पहलू से होनी चाहिए, ताकि घटना के पीछे की सच्चाई सामने आ सके. यदि किसी की भूमिका सामने आती है या किसी के कारण निशा भगत को यह कदम उठाना पड़ा, तो ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने उम्मीद जताई कि सीबीआई जांच से पूरे मामले का खुलासा होगा और परिवार को न्याय मिलेगा. विधायक ने कहा कि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए.
राज्य स्थापना दिवस को लेकर भी सरकार पर निशाना
इस दौरान जयराम महतो ने राज्य की मौजूदा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि झारखंड को मुख्यमंत्री नहीं, बल्कि मुख्य सचिव (CS) चला रहे हैं. राज्य स्थापना दिवस के कार्यक्रम स्थगित होने को उन्होंने चिंता का विषय बताया. उनके इस बयान से राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था और सरकार की कार्यशैली को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज होने के संकेत हैं.
रिपोर्ट- सुशील कुमार सिंह
