☰
Jharkhand

आम की लकड़ी पर पारंपरिक तरीके से तैयार हो रहा खरना का प्रसाद, महाप्रसाद बनाने में जुटीं छठ व्रती

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

गुमला (GUMLA): जिले में छठ महापर्व को लेकर उत्साह का माहौल है. चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व के पहले दिन नहाय-खाय का अनुष्ठान संपन्न होने के बाद शनिवार सुबह से ही छठ व्रती खरना का महाप्रसाद बनाने की तैयारियों में जुट गई हैं. घरों में छठी मैया के गीत गूंज रहे हैं और पारंपरिक तरीके से प्रसाद तैयार किया जा रहा है. खरना के प्रसाद को बनाने में शुद्धता और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाता है. इस दौरान आम की लकड़ी का इस्तेमाल कर मिट्टी के चूल्हे पर प्रसाद तैयार करने की परंपरा आज भी कायम है. आधुनिकता के दौर में भी छठ महापर्व की परंपराओं में खास बदलाव देखने को नहीं मिलता है. व्रती स्नान-ध्यान करने के बाद पूरी श्रद्धा के साथ भगवान का स्मरण करते हुए प्रसाद बनाने का काम शुरू करती हैं.

गुमला की छठ व्रती अनु कुमारी ने बताया कि खरना का प्रसाद तैयार करना उनके लिए बेहद खास होता है. इसके लिए सुबह से ही शुद्धता का पूरा ध्यान रखा जाता है. पारंपरिक तरीके से खीर और रोटी बनाई जाती है. सबसे पहले प्रसाद छठी मैया को अर्पित किया जाएगा, जिसके बाद परिवार और सगे-संबंधियों के बीच इसका वितरण होगा. उन्होंने कहा कि छठ महापर्व को लेकर परिवार के सभी सदस्यों में काफी उत्साह रहता है.

वहीं, छठ व्रतियों की मदद के लिए आसपास की महिलाएं और लोग भी आगे आते हैं. रानी सिंह ने बताया कि वह लंबे समय से छठ व्रतियों को सहयोग करती आ रही हैं. उनके अनुसार, व्रतियों की सेवा करना भी छठी मैया के प्रति आस्था व्यक्त करने का एक माध्यम है. इस पर्व में सहयोग करने से उन्हें आत्मिक संतुष्टि मिलती है और परिवार की सुख-शांति के लिए छठी मैया से प्रार्थना करने का अवसर मिलता है.

रिपोर्ट- सुशील कुमार सिंह