गुमला (GUMLA): झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET-2026) के शांतिपूर्ण और निष्पक्ष आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. 1 नवंबर 2026 को होने वाली परीक्षा से पहले उपायुक्त दिलेश्वर महतो और पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमा ने जिले के अलग-अलग परीक्षा केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण किया. इस दौरान अधिकारियों ने सीसीटीवी कैमरे, बैठक व्यवस्था, नियंत्रण कक्ष और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया. साथ ही संबंधित पदाधिकारियों और विद्यालय प्रबंधन को जरूरी दिशा-निर्देश दिए.
निरीक्षण के क्रम में गुमला के उर्सलाइन बालिका उच्च विद्यालय, संत अन्ना उच्च विद्यालय, संत इग्नासियुस उच्च विद्यालय, डॉन बॉस्को स्कूल, संत पैट्रिक उच्च विद्यालय, गुमला सहित अन्य परीक्षा केन्द्रों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई. वहीं, एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और अभ्यर्थियों की नियमानुसार तलाशी लेने को कहा. बिजली की निर्बाध आपूर्ति और जनरेटर सहित वैकल्पिक व्यवस्था पर भी जोर दिया गया.
11 केंद्रों पर 8,061 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
जिले के 11 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में कुल 8,061 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे. पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी, जिसमें कक्षा 6 से 8 के लिए 4,822 अभ्यर्थी शामिल होंगे. दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक होगी. इसमें कक्षा 1 से 5 के लिए 3,239 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे. परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले मुख्य प्रवेश द्वार बंद कर दिया जाएगा. इसके बाद किसी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा.
अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
परीक्षा से जुड़ी फर्जी खबरों, प्रश्नपत्रों और अफवाहों पर रोक लगाने के लिए जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संचालन में साइबर सेल गठित किया जाएगा. प्रशासन ने अभ्यर्थियों, अभिभावकों और आम लोगों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें और बिना सत्यापन के किसी खबर को सोशल मीडिया पर साझा न करें. भ्रामक सूचना फैलाने या परीक्षा में बाधा डालने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट- सुशील कुमार सिंह
