गुमला (GUMLA): झारखंड में महिलाओं की सुरक्षा और बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर भाजपा ने रविवार को गुमला में हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने की तैयारी थी, लेकिन कार्यक्रम के बीच सदर थाना प्रभारी दिनेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और भाजपा कार्यकर्ताओं के हाथ से पुतला लेकर चले गए. इसके बाद वहां राजनीतिक माहौल गरमा गया.
पुलिस की कार्रवाई पर भाजपा ने उठाए सवाल
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष सागर उरांव ने की. उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कहा कि राज्य में ऐसी सरकार चल रही है, जहां लोगों को अपनी बात रखने और विरोध जताने की आजादी भी नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि हेमंत सरकार पुलिस का इस्तेमाल अपने राजनीतिक कार्यकर्ताओं की तरह कर रही है.
महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार पर निशाना
सागर उरांव ने कहा कि गठबंधन सरकार महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा की बात करती है, लेकिन राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. उन्होंने सरायकेला के गम्हरिया में हुई उस घटना का भी जिक्र किया, जिसमें सुरक्षा की गुहार लगाने पहुंची एक महिला के साथ पुलिसकर्मी पर ही दुष्कर्म का आरोप लगा था.
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुनेश्वर साहू ने सरकार को महिला विरोधी बताते हुए कहा कि राज्य की बहू-बेटियों की सुरक्षा खतरे में है. उन्होंने आरोप लगाया कि मईयां सम्मान योजना के नाम पर महिलाओं के सम्मान की बात करने वाली सरकार उनकी सुरक्षा सुनिश्चित नहीं कर पा रही है.
वहीं, महिला मोर्चा की महामंत्री पायल तिवारी ने कहा कि गम्हरिया की घटना से महिलाओं के बीच डर का माहौल बना है. उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस करती थीं, लेकिन अब हालात बदल गए हैं.
कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं ने 'नारी का अपमान नहीं सहेगा झारखंड' का नारा लगाया. मौके पर निर्मल गोयल, श्याम सुंदर साहू, सुरेश नाथ सिंह, संदीप प्रसाद, दामोदर कसेरा, विनोद प्रसाद, अनीता देवी, उर्मिला पन्ना, नीलम गुप्ता, सावित्री देवी, रेखा सिन्हा, खुशी कुमारी समेत बड़ी संख्या में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
रिपोर्ट- सुशील कुमार