गुमला (GUMLA): जिले के सिसई प्रखंड के एक गांव में दो वर्षीय बच्ची के साथ हुई कथित दुष्कर्म की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश है. पीड़ित बच्ची को गंभीर हालत में गुमला सदर अस्पताल के एसएनसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है.
परिजनों के अनुसार बीती देर रात गांव का ही एक युवक बच्ची को गोद में लेकर घूमाने और चॉकलेट दिलाने का लालच देकर अपने साथ ले गया. आरोपी का परिवार के घर अक्सर आना-जाना था और पड़ोसी होने के कारण किसी को उस पर शक नहीं हुआ. इसी भरोसे के चलते बच्ची को उसके साथ भेज दिया गया. आरोप है कि युवक बच्ची को गांव के एक सुनसान और अंधेरे इलाके में ले गया, जहां उसने उसके साथ घिनौनी हरकत की. करीब आधे घंटे बाद वह बच्ची को वापस घर लेकर लौटा. उस समय बच्ची लगातार रो रही थी और दर्द से कराह रही थी. बच्ची को छोड़ने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया.
बच्ची की हालत सामान्य नहीं लगने पर उसकी मां ने जांच की. इस दौरान उसके शरीर और कपड़ों पर खून के निशान दिखाई दिए. यह देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए. घटना की जानकारी मिलते ही घर में कोहराम मच गया और आसपास के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में जुट गए. मामले की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी. कुछ ही देर में उसे पकड़ लिया गया. ग्रामीणों का दावा है कि पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया. इसके बाद गांव में लोगों का गुस्सा और बढ़ गया तथा आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठने लगी.
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम गांव पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई. फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है. मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी लगाया गया है और कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है. घटना के बाद बच्ची को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है. अस्पताल प्रशासन ने उसे विशेष देखरेख में रखा है. इस घटना के बाद गांव समेत आसपास के इलाकों में भी आक्रोश का माहौल है. स्थानीय लोगों ने दोषी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
