Jharkhand

झारखंड में बालू संकट खत्म होने की उम्मीद, 12 जून को होगी नीलामी

Varsha Varma CE
Varsha Varma CE
Copy Editor

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): झारखंड में लंबे समय से बालू की कमी और बढ़ती कीमतों से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. झारखंड स्टेट मिनरल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (JSMDCL) ने राज्य में बड़े पैमाने पर बालू की नीलामी की घोषणा की है. यह नीलामी 12 जून को रांची स्थित निगम मुख्यालय में आयोजित की जाएगी. नीलामी प्रक्रिया सुबह 11:30 बजे से शुरू होगी, जिसमें विभिन्न जिलों के स्टॉकयार्ड में जमा बालू को बाजार के लिए उपलब्ध कराया जाएगा.

रांची, खूंटी और गुमला जिलों में पहले से संग्रहित बड़ी मात्रा में बालू की नीलामी की जाएगी. इस कदम का उद्देश्य बाजार में बालू की उपलब्धता बढ़ाना और निर्माण क्षेत्र में आ रही समस्याओं को दूर करना है. पिछले कुछ महीनों से राज्य के कई हिस्सों में बालू की कमी के कारण भवन निर्माण, सड़क निर्माण और अन्य विकास कार्य प्रभावित हो रहे थे.

नीलामी के बादएजेंसियों के माध्यम से बालू की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी. इससे बाजार में मांग और आपूर्ति के बीच संतुलन बनेगा और इसका सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है.

इसके अलावा, यह पहल अवैध खनन और कालाबाजारी पर नियंत्रण लगाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है. जब बाजार में पर्याप्त मात्रा में वैध बालू उपलब्ध होगी, तो अवैध कारोबारियों की गतिविधियों पर अंकुश लगने की संभावना बढ़ जाएगी. इससे राजस्व में वृद्धि के साथ-साथ पारदर्शी खनन व्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा.

JSMDCL ने नीलामी में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागियों से निर्धारित समय के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है. निगम का कहना है कि पूरी नीलामी प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जाएगा.

राज्य सरकार और निगम को उम्मीद है कि इस पहल से बालू की उपलब्धता में सुधार होगा, कीमतों पर नियंत्रण रहेगा और निर्माण क्षेत्र को नई गति मिलेगी. इससे आम उपभोक्ताओं से लेकर बड़े निर्माण कार्यों तक सभी को राहत मिलने की संभावना है.