☰
Jharkhand

गुमला: बेमौसम बारिश ने किसानों की मेहनत पर फेरा पानी, धान और उड़द की फसल बर्बाद होने का खतरा

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

गुमला (GUMLA): झारखंड के अलग अलग जिलों में लगातार हो रही बारिश से जन जीवन प्रभावित हो गया है. ऐसे में गुमला के किसानों के ऊपर पड़ता हुआ नजर आ रहा है. दरअसल, किसान की तैयार फसल खेतों में तो मौजूद है लेकिन उसे अभी तक वह घर में नहीं ला पाए हैं जिसके कारण खेतों में मौजूद धान की फसल पूरी तरह से बर्बाद होने की संभावना बनी हुई है. ग्रामीणों का स्पष्ट मानना है कि न केवल धान की फसल बल्कि उड़द सहित अन्य फसल भी उनकी तैयार हो चुकी है लेकिन लगातार हो रही बारिश के कारण यह फसल पूरी तरह से बर्बादी की स्थिति पहुंच गई है.

खेतों में तैयार फसल, घर तक नहीं पहुंचा पा रहे किसान

गुमला के रायडीह प्रखंड अंतर्गत कोंडरा पंचायत के कसीरा गांव में बारिश से किसानों की परेशानी बढ़ गई है. ग्रामीणों के अनुसार, इस साल अच्छी बारिश के कारण खेती बेहतर हुई थी और किसानों को अच्छी पैदावार के साथ मुनाफे की उम्मीद थी. लेकिन पिछले दो दिनों से हो रही बारिश ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया है. खेतों में तैयार धान और उड़द की फसल खराब होने लगी है. किसान लगातार खेतों का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन मौसम साथ नहीं दे रहा.

कर्ज और परिवार की जिम्मेदारियों पर संकट

भाजपा एसटी मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष देवेंद्र उरांव ने बताया कि ग्रामीण इलाकों में अधिकांश परिवार खेती पर निर्भर हैं. किसान कर्ज लेकर खेती करते हैं और फसल बेचकर कर्ज चुकाने के साथ परिवार का खर्च, बच्चों की पढ़ाई और शादी-विवाह जैसी जिम्मेदारियां पूरी करते हैं. ऐसे में फसल बर्बाद होने से उनकी आर्थिक स्थिति बिगड़ सकती है. उन्होंने कहा कि उनके खेतों में लगी फसल भी बारिश से प्रभावित हुई है.

सरकार से मुआवजे और नुकसान के आकलन की मांग

किसान पारस उरांव ने बताया कि कसीरा गांव के किसान इस बार अच्छी फसल देखकर काफी उत्साहित थे, लेकिन लगातार बारिश से खेतों में उपज खराब होती देख उनकी उम्मीद टूट रही है. उन्होंने कहा कि धान किसानों के लिए सालभर की आर्थिक जरूरतों का आधार होता है. यदि फसल बर्बाद हुई तो परिवार चलाना मुश्किल हो जाएगा. देवेंद्र उरांव ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मांग की है कि सभी जिलों के उपायुक्तों को फसल नुकसान का आकलन करने और किसानों को जल्द मुआवजा दिलाने का निर्देश दिया जाए. लगातार बारिश से किसानों की चिंता बढ़ती जा रही है और अब उन्हें सरकारी सहायता का इंतजार है.

रिपोर्ट- सुशील कुमार सिंह