Jharkhand

गुमला:स्टार डीपीएस में देशभक्ति का जोश, बच्चों को मिला जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश

Diksha Benipuri
Diksha Benipuri
Copy Editor

GUMLA:गुमला के स्टार डीपीएस स्कूल में स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया. विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार सुशील कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और उन्होंने तिरंगा फहराकर समारोह की शुरुआत की. ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से भर गया. इस दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को श्रद्धापूर्वक याद किया.

ध्वजारोहण के बाद मुख्य अतिथि सुशील कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकारों का नाम नहीं है, बल्कि इसके साथ नागरिकों के कर्तव्य भी जुड़े हैं. उन्होंने बच्चों से ईमानदारी, अनुशासन, मेहनत और जिम्मेदारी को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के लिए किताबी पढ़ाई जरूरी है, लेकिन वास्तविक जीवन की परिस्थितियों को समझना और उनसे सीखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है.

सुशील कुमार सिंह ने बच्चों को मोबाइल और इंटरनेट के सही इस्तेमाल की सलाह दी. उन्होंने कहा कि तकनीक का उपयोग ज्ञान बढ़ाने और सीखने के लिए किया जाना चाहिए. विद्यार्थियों को समय की अहमियत समझने, सही फैसले लेने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को पहचानने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही आने वाले समय में देश के विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.

कार्यक्रम में विद्यालय की प्रिंसिपल सुनंदा राय ने धन्यवाद ज्ञापित किया. उन्होंने मुख्य अतिथि, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों का आभार जताया. उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश की एकता, अखंडता और सम्मान के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को याद दिलाता है. उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रहित को प्राथमिकता देने की अपील की.

विद्यालय के एमडी संदीप प्रसाद ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया. उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों के संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए कहा कि वर्तमान पीढ़ी को देश की प्रगति में अपनी भूमिका निभानी चाहिए. उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को केवल सुविधाएं देने के बजाय उन्हें मेहनत, आत्मनिर्भरता और संघर्ष का महत्व सिखाने की अपील की.

उन्होंने कहा कि बच्चों को असफलताओं से सीखने और लगातार प्रयास करते रहने की आदत डालनी चाहिए. शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार और बेहतर व्यवहार भी व्यक्तित्व निर्माण के लिए जरूरी हैं.

 

समारोह के दौरान विद्यार्थियों में खास उत्साह नजर आया. देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों और गतिविधियों ने माहौल को भावुक और प्रेरणादायक बना दिया. आयोजन ने बच्चों को यह संदेश दिया कि मजबूत शिक्षा, अच्छे संस्कार, मेहनत और जिम्मेदार नागरिकता के जरिए ही देश का उज्ज्वल भविष्य तैयार किया जा सकता है.

रिपोर्ट: सुशील सिंह