☰
Jharkhand

गुमला के बाजार में गंदगी का अंबार, सुविधाओं की कमी से लोग परेशान

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

गुमला(GUMLA): शहर के बीचों-बीच सिसई रोड पर स्थित बाजार इन दिनों गंदगी की समस्या से जूझ रहा है. यहां हर सप्ताह मंगलवार और शनिवार को बड़ा बाजार लगता है. ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में लोग अपने सामान बेचने और खरीदारी करने पहुंचते हैं. बाजार में बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही होती है और इससे नगर परिषद को राजस्व भी मिलता है, लेकिन इसके बावजूद यहां जरूरी सुविधाओं का अभाव है.

स्थानीय लोगों के अनुसार बाजार परिसर में नियमित सफाई की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है. जगह-जगह कचरा जमा रहता है. पानी की निकासी के लिए नाली की उचित व्यवस्था नहीं होने से बारिश के दौरान जलजमाव की स्थिति बन जाती है. इससे बाजार आने वाले लोगों और आसपास रहने वाले लोगों को काफी परेशानी होती है. स्थानीय निवासी मोहम्मद गुफ्तार ने बताया कि बाजार में लंबे समय से सुविधाओं की कमी बनी हुई है. बाजार तक पहुंचने वाले रास्ते और पानी की निकासी की व्यवस्था बेहतर नहीं है. गंदगी के कारण स्थानीय लोगों को बीमारी फैलने की चिंता रहती है. उनका कहना है कि समस्या को लेकर कई बार आवाज उठाई गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ.

वहीं मोहम्मद सज्जाद ने बताया कि बाजार के आसपास रहने वाले लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी गंदगी से होती है. बारिश के बाद बाजार की स्थिति और खराब हो जाती है. कीचड़ और पानी के कारण लोगों का आना-जाना मुश्किल हो जाता है. उनका कहना है कि यहां बड़ी संख्या में ग्रामीण दुकानदार पहुंचते हैं, लेकिन उन्हें भी खराब व्यवस्था के बीच सामान की बिक्री करनी पड़ती है.

नगर परिषद की ओर से बाजार की स्थिति सुधारने के लिए सरकार को प्रस्ताव भेजे जाने की बात कही जाती है. अधिकारियों के अनुसार राशि मिलने के बाद काम कराया जाएगा. हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि यह आश्वासन कई वर्षों से दिया जा रहा है. लोगों की मांग है कि बाजार में नियमित सफाई, कचरा उठाने, नाली, सड़क और जलनिकासी की व्यवस्था जल्द दुरुस्त की जाए.