Jharkhand

गुमला: 12 दिनों से लापता युवक का कुएं से मिला सड़ा-गला शव, जांच में जुटी पुलिस

Rashmi Prasad CE
Copy Editor
गुमला: 12 दिनों से लापता युवक का कुएं से मिला सड़ा-गला शव, जांच में जुटी पुलिस

गुमला(GUMLA): जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के महुवाटोली गांव में 12 दिनों से लापता एक युवक का सड़ा-गला शव कुएं से मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान महुवाटोली निवासी गजनू मुंडा के 19 वर्षीय पुत्र सुबोध मुंडा के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, सुबोध बीते 12 दिनों से संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता था. परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका. इस घटना के बाद परिवार लगातार उसकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए हुए था, लेकिन शव मिलने की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में भी घटना के बाद शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है.

बताया जा रहा है कि गांव के ही सुरेश कुमार सिंह के घर के समीप स्थित एक कुएं से तेज दुर्गंध आने लगी थी. आसपास के लोगों ने जब कुएं के भीतर झांककर देखा तो पानी में एक शव तैरता हुआ दिखाई दिया. इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल चैनपुर थाना पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से शव को कुएं से बाहर निकाला. शव की स्थिति काफी खराब हो चुकी थी और लंबे समय तक पानी में रहने के कारण वह पूरी तरह सड़-गल चुका था. पुलिस ने मौके पर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पंचनामा तैयार किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.

चैनपुर थाना पुलिस का कहना है कि फिलहाल युवक की मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. यह मामला दुर्घटना, आत्महत्या या किसी आपराधिक घटना से जुड़ा है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा. पुलिस ने बताया कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है. साथ ही युवक के लापता होने से लेकर शव मिलने तक की घटनाओं की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.