गुमला (GUMLA): गुमला जिले के निजी विद्यालयों के शैक्षणिक प्रदर्शन और शिक्षा से जुड़े विभिन्न कार्यों की मंगलवार को उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने समीक्षा की. राज्य स्तरीय रैंकिंग में गुमला के कमजोर प्रदर्शन पर उन्होंने नाराजगी जताई और स्कूलों को तय समय के अंदर सुधार करने का निर्देश दिया. लापरवाही जारी रहने पर संबंधित निजी विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई.
बैठक में स्टूडेंट प्रोफाइल, स्कूल प्रोफाइल, टीचर प्रोफाइल, UDISE डाटा, ड्रॉपबॉक्स में दर्ज बच्चों, आधार और APAAR ID की स्थिति की समीक्षा की गई. उपायुक्त ने कहा कि जिन विद्यार्थियों का आधार उपलब्ध है, उनकी APAAR ID अभियान चलाकर अगले 15 दिनों में शत-प्रतिशत बनाई जाए. उन्होंने ड्रॉपबॉक्स में दर्ज बच्चों के मामलों का समाधान कर उनकी संख्या शून्य करने का निर्देश भी दिया. स्कूलों को छात्र, शिक्षक और विद्यालय से जुड़े सभी आंकड़े सही और अपडेट रखने को कहा गया.
एक सप्ताह में पूरा करना होगा सर्वे और पौधरोपण अभियान
उपायुक्त ने स्वच्छ एवं हरित विद्यालय सर्वेक्षण और 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान की भी समीक्षा की. उन्होंने दोनों काम एक सप्ताह के अंदर पूरा कर संबंधित जानकारी पोर्टल पर अपडेट करने का निर्देश दिया. स्कूलों में पेयजल और बालक-बालिकाओं के लिए सही शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया. उपायुक्त ने सभी बीपीओ को निर्देश दिया कि समय पर काम पूरा नहीं करने वाले निजी स्कूलों को चिन्हित किया जाए. लगातार निर्देशों की अनदेखी करने वाले विद्यालयों के खिलाफ UDISE समाप्त करने और मान्यता रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है. बैठक से अनुपस्थित विद्यालयों से स्पष्टीकरण मांगने का भी निर्देश दिया गया. उपायुक्त ने कहा कि इसी महीने सभी शैक्षणिक इंडिकेटरों में साफ और मापने योग्य सुधार दिखाई देना चाहिए.
रिपोर्ट: सुशील सिंह