☰
Jharkhand

गुमला: सड़क हादसे में पुल से नीचे गिरी बाइक, दो युवकों की मौत, एक घायल

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

गुमला (GUMLA): जिले से एक सड़क हादसे का मामला सामने आया है जहां दो युवक कि सड़क हादसे में मौत हो गई जबकि एक युवक बाल-बाल बच गया. दरअसल, सदर थाना क्षेत्र के बड़काडीह गांव निवासी 25 वर्षीय मंगरा उरांव, 24 वर्षीय चरकू उरांव और सूरज उरांव एक ही बाइक पर सवार होकर बड़काडीह की ओर जा रहे थे. रास्ते में मंगरा उरांव ने मछली खाने की इच्छा जताई, जिसके बाद तीनों खरका की ओर मछली खरीदने निकल पड़े. खरका पुल के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और पुल से नीचे जा गिरी. हादसा इतना भीषण था कि मंगरा उरांव और चरकू उरांव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सूरज उरांव ने समय रहते बाइक से छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली.

बता दें, घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और तीनों युवकों को गुमला सदर अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद मंगरा उरांव और चरकू उरांव को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल सूरज उरांव का प्राथमिक उपचार किया गया. सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और बाइक के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है.

शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे के समय तीनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था. दुर्घटना में दोनों मृतकों के सिर में गंभीर चोटें आईं, जो उनकी मौत का प्रमुख कारण बनीं. इधर इसको लेकर विशेषज्ञों का मानना है कि हेलमेट पहनने से सिर की गंभीर चोटों का खतरा काफी हद तक कम हो सकता था. इसके साथ ही पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने की अपील की है.