Jharkhand

गुमला में पेड़ से लटका मिला छात्रा का शव, हत्या या आत्महत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

Diksha Benipuri
Diksha Benipuri
Copy Editor

TNP DESK: गुमला जिले के सदर थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है जहां एक नाबालिग किशोरी ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली. यह घटना सतपारा घटा इलाके की है जहां वार्ड पार्षद विजयपाल भगत की 16 वर्षीय पुत्री सुशांति कुमारी का शव आम के पेड़ से लटका हुआ मिला.

जानकारी के अनुसार सुशांति कक्षा आठ की छात्रा थी और अपने परिवार के साथ रह रही थी. घटना से पहले वह अपनी मां सुहानी भगत के साथ डूमरडीह जिलिंगा जतरा में गई थी. रात में घर लौटने के बाद वह घर के पास ही सो गई थी. परिजनों के मुताबिक सुबह करीब 5 बजे उसने शौचालय जाने की बात कही और घर के पीछे बगीचे की ओर चली गई. इसके बाद वह काफी देर तक वापस नहीं लौटी.

जब सुबह समय बीतने के बाद भी वह घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. इसी दौरान गांव के कुछ लोग जो आम तोड़ने के लिए बगीचे की ओर गए थे उन्होंने पेड़ से लटकी हुई किशोरी को देखा. यह दृश्य देखकर गांव में अफरा तफरी मच गई और तुरंत परिजनों के साथ साथ पुलिस को सूचना दी गई.सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और सन्नाटा फैल गया है. परिजन सदमे में हैं और रो रोकर उनका बुरा हाल है.फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है कि यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी जुड़ा हो सकता है. गांव में लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं.