GUMLA: झारखंड के गुमला जिले में साइबर अपराधियों ने एक पेंशनधारी महिला को निशाना बनाकर उसके बैंक खाते से 72,500 रुपये की ठगी कर ली. मामले का खुलासा तब हुआ जब महिला अपने खाते में हुए संदिग्ध लेन-देन की जानकारी लेने बैंक पहुंची. घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस और साइबर सेल से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है.
जानकारी के अनुसार, पुग्गू नवाटोली निवासी 56 वर्षीय गीता कुमारी लकड़ा का भारतीय स्टेट बैंक की गुमला शाखा में वेतन और पेंशन के दो अलग-अलग खाते हैं. बीते दिनों उन्हें जानकारी मिली कि उनके वेतन खाते में 3,000 रुपये जमा हुए हैं. पहले तो यह एक सामान्य बैंकिंग लेन-देन जैसा लगा, लेकिन बाद में इसकी आड़ में साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया.
महिला जब बैंक पहुंचकर जमा राशि की जानकारी लेने लगीं, तब पता चला कि अज्ञात साइबर अपराधियों ने पहले उनके वेतन खाते में 3,000 रुपये भेजे और बाद में उसी राशि को उनके पेंशन खाते में स्थानांतरित कर दिया. इसके बाद ठगों ने पेंशन खाते से कुल 72,500 रुपये की अवैध निकासी कर ली.
बैंक अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, निकाली गई राशि यूपीआई के माध्यम से इंडियन ओवरसीज बैंक के एक खाते में ट्रांसफर की गई थी. यह जानकारी मिलने के बाद महिला को एहसास हुआ कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुकी हैं.
घटना के तुरंत बाद गीता कुमारी लकड़ा ने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई. साथ ही उन्होंने साइबर सेल और गुमला थाना में भी आवेदन देकर मामले की जांच और राशि वापस दिलाने की मांग की. साइबर सेल की प्रारंभिक कार्रवाई के तहत संबंधित बैंक खाते को होल्ड कर दिया गया है, जिससे ठगी गई रकम की रिकवरी की संभावना बनी हुई है.
पुलिस ने अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि लेन-देन की पूरी श्रृंखला की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा.
यह घटना एक बार फिर बताती है कि साइबर अपराधी लगातार नए तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं. ऐसे में किसी भी संदिग्ध बैंकिंग गतिविधि, अनजान कॉल, लिंक या ऑनलाइन लेन-देन को लेकर सतर्क रहना बेहद जरूरी है.
