☰
Jharkhand

MMDR बिल को लेकर कांग्रेस ने केंद्र पर बोला हमला, 26 सितंबर को लोक भवन घेराव का ऐलान

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

गुमला(GUMLA):  केंद्र के MMDR बिल को लेकर झारखंड में राजनीतिक सियासत तेज हो गई है. इसी को लेकर आज झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता उज्ज्वल कुमार तिवारी और मीडिया प्रभारी राजीव नारायण प्रसाद ने परिषद भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इस दौरान दोनों नेताओं ने केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला.

प्रेस कॉन्फ्रेंस में उज्ज्वल कुमार तिवारी ने कहा कि केंद्र सरकार झारखंड का भला नहीं चाहती है और यही कारण है कि MMDR जैसा बिल लाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि झारखंड में 40 प्रतिशत खनिज संपदा होने के बाद भी अगर यहां के लोगों को इसका लाभ नहीं मिलेगा और केवल धुआं और बीमारी मिलेगी तो इसका विरोध होना स्वाभाविक है.

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार यह बिल्कुल भी न समझे कि झारखंड ऐसे बिल को अपना लेगा. इसके बजाय झारखंड में हेमंत सोरेन और उनकी सरकार इस बिल का खुलकर विरोध करेगी.

26 सितंबर को लोक भवन के घेराव की तैयारी

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि इस बिल को लाकर केंद्र सरकार खनिज संपदाओं से मिलने वाले राजस्व को पूरी तरह राज्यों के हाथों से छीनना चाहती है. उन्होंने कहा कि यह इस बात की ओर इशारा करता है कि केंद्र सरकार तानाशाही तरीके से काम करना चाहती है, जिसे कांग्रेस कभी बर्दाश्त नहीं करेगी.

इन्हीं सभी मुद्दों को लेकर आगामी 26 सितंबर को कांग्रेस पार्टी की ओर से लोक भवन का घेराव करने की कार्ययोजना बनाई गई है.

वहीं कांग्रेस नेताओं ने राम मंदिर में हुए कथित चंदा चोरी का मामला भी उठाया. उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में भी मोदी के चहेते लोग शामिल थे, जिन्हें बचाने के लिए पूरी केंद्र सरकार लगी हुई है. उन्होंने इसे भगवान राम के साथ धोखा बताया.

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार आम लोगों के हितों की अनदेखी करती जा रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार गरीबों के हित में काम करने का दावा करती है, लेकिन उसकी कथनी और करनी में बहुत बड़ा अंतर है.

उन्होंने कहा कि यही कारण है कि लगातार लोग केंद्र सरकार के विरोध में सड़कों पर आने को मजबूर हो रहे हैं. इन्हीं सभी मुद्दों को लेकर कांग्रेस की ओर से लगातार विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है.

 

रिपोर्ट - सुशील कुमार सिंह