Jharkhand

गुमला के कस्तूरबा आवासीय विद्यालय में 10वीं की छात्रा ने की खुदखुशी, रो-रोकर परिजनों का बुरा हाल

Rashmi Prasad CE
Copy Editor
गुमला के कस्तूरबा आवासीय विद्यालय में 10वीं की छात्रा ने की खुदखुशी, रो-रोकर परिजनों का बुरा हाल

गुमला(GUMLA): जिले के भरनो स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय के छात्रावास से एक झकझोर कर देने वाली घटना सामने आई है. यहाँ बुधवार की सुबह 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक 15 वर्षीय छात्रा ने हॉस्टल के कमरे में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना की सूचना मिलते ही भरनो थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत विद्यालय परिसर पहुंचे. पुलिस ने मृतका के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत छानबीन में जुट गई है. बता दिन, मृतका की पहचान बूढ़ीपाठ गांव निवासी चैतु उरांव की पुत्री मोनिका कुमारी के रूप में हुई है.

आपको बता दें, यह दर्दनाक घटना बुधवार सुबह की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, छात्रावास की दूसरी मंजिल पर स्थित कमरा नंबर 23 में मोनिका अपनी अन्य 14 सहेलियों के साथ रहती थी. रोज की तरह सुबह सभी छात्राएं शारीरिक प्रशिक्षण (पीटी) के लिए ग्राउंड पर जा रही थीं, लेकिन मोनिका ने पेट दर्द का बहाना बनाकर कमरे में ही रुकने की बात कही. जब ग्राउंड पर छात्राओं की हाजिरी ली गई, तो मोनिका को अनुपस्थित पाया गया. इसके बाद वार्डन व शिक्षिका ने उसकी सहेलियों को उसे बुलाने के लिए वापस ऊपर हॉस्टल के कमरे में भेजा.

जब छात्राएं मोनिका को बुलाने कमरे के पास पहुंचीं, तो दरवाजा अंदर से पूरी तरह बंद था और उसी दौरान कमरे के भीतर से कुछ गिरने की तेज आवाज आई. अनहोनी की आशंका को देखते हुए सहेलियों ने मिलकर दरवाजे पर लात मारी और उसे तोड़कर अंदर दाखिल हुईं. अंदर का नजारा देखते ही सबके होश उड़ गए; मोनिका दुपट्टे के सहारे फंदे से लटकी हुई थी और तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. इस घटना के बाद पूरे विद्यालय परिसर में कोहराम मच गया और रोने-बिलखने की आवाजें आने लगीं. सूचना पाकर मृतका के माता-पिता भी बदहवास हालत में विद्यालय पहुंचे, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है. फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है.