Jharkhand

BREAKING: ACB का बड़ा एक्शन! मनरेगा BPO को रिश्वत लेते किया गिरफ्तार

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

गुमला (GUMLA): झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की कार्रवाई लगातार जारी है. इसी कड़ी में गुमला जिले के पालकोट प्रखंड में रांची से पहुंची ACB की टीम ने मनरेगा के प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (BPO) हरीश प्रजापति को ₹6,000 रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. कार्रवाई के बाद पालकोट प्रखंड कार्यालय में हड़कंप मच गया है.

जानकारी के अनुसार, मनरेगा योजना के तहत तालाब निर्माण कार्य में जियो टैगिंग कराने के नाम पर BPO हरीश प्रजापति द्वारा एक लाभुक से रिश्वत की मांग की जा रही थी. लगातार रिश्वत मांगे जाने से परेशान लाभुक ने इसकी शिकायत ACB से की. शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया. शिकायत सही पाए जाने के बाद टीम ने आरोपी BPO को रंगे हाथ पकड़ने के लिए जाल बिछाया.

इसके बाद रांची से ACB की टीम पालकोट पहुंची और पूरी कार्रवाई को गोपनीय तरीके से अंजाम दिया. तय योजना के तहत जैसे ही हरीश प्रजापति कथित तौर पर ₹6,000 रिश्वत ले रहे थे, ACB की टीम ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया. गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी BPO को अपने साथ रांची ले गई, जहां मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है.

ACB की इस कार्रवाई की खबर जैसे ही पालकोट प्रखंड कार्यालय में पहुंची, वहां कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया. कार्रवाई को लेकर कार्यालय में दिनभर चर्चा होती रही. सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगने के आरोप में BPO की गिरफ्तारी को लेकर आसपास के इलाके में भी चर्चाओं का बाजार गर्म है.

बताया जा रहा है कि ACB ने शिकायत मिलने के बाद पहले पूरे मामले की जांच और सत्यापन किया था. इसके बाद पर्याप्त जानकारी जुटाकर कार्रवाई की गई. अब एजेंसी रिश्वत मांगने और लेने से जुड़े पूरे मामले की जांच कर रही है. जांच के दौरान यह भी देखा जा रहा है कि क्या इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं.

ऐसे में झारखंड में सरकारी योजनाओं और कार्यालयों में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ ACB लगातार कार्रवाई कर रही है. पालकोट में मनरेगा BPO की गिरफ्तारी भी इसी अभियान का हिस्सा है. फिलहाल आरोपी हरीश प्रजापति को रांची ले जाया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

 रिपोर्ट: सुशील सिंह