गुमला(GUMLA): गुप्त सूचना के आधार पर गुमला पुलिस ने छापेमारी कर हथियार और गोलियां बरामद की हैं. इस मामले में राजेंद्र यादव नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस बाकी संदिग्धों की तलाश करने के साथ पूरे मामले की जांच में जुटी है.
गुप्त सूचना के बाद बनाई गई छापेमारी टीम
गुमला के SP हरीश बिन जमाने ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सिसई थाना क्षेत्र के रोहित शर्मा नामक व्यक्ति अपने चार-पांच साथियों के साथ टोली गांव निवासी राजेंद्र यादव के घर पहुंचा है. सूचना में आशंका जताई गई थी कि उनके पास बड़ी संख्या में अवैध और घातक हथियार हैं और वे किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं. सूचना की पुष्टि के बाद SP के निर्देश पर गुमला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरेश प्रसाद यादव के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया. इसमें सिसई के सर्किल इंस्पेक्टर विनय कुमार समेत सिसई और भरनो थाना के पुलिस पदाधिकारी शामिल थे.
पुलिस को देखकर कार से उतरकर भागे संदिग्ध
छापेमारी दल जब टोली गांव पहुंचा, तो रास्ते में लाल रंग की एक कार दिखाई दी. कार में चार से पांच लोग सवार थे. पुलिस की गाड़ी देखते ही सभी लोग उतरकर भागने लगे. पुलिस ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन जंगल और रात के अंधेरे का फायदा उठाकर वे फरार हो गए.
AK -56 से जुड़ी मैगजीन और गोलियां बरामद
इसके बाद पुलिस ने कार की तलाशी ली. तलाशी के दौरान एक देसी कार्बाइन, एके-56 की मैगजीन, गोलियां और अन्य सामान बरामद किए गए. पुलिस ने राजेंद्र यादव को गिरफ्तार किया. एसपी के अनुसार, उसकी निशानदेही पर एके-56 राइफल और गोलियां भी बरामद की गईं.
फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
SP ने छापेमारी दल की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस की तत्परता से संभावित आपराधिक घटना को समय रहते रोकने में मदद मिली है. उन्होंने कहा कि अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिस लगातार गुप्त सूचनाएं जुटा रही है. मामले में बरामद हथियारों और अन्य सामान की जांच की जा रही है तथा फरार लोगों की तलाश जारी है.
रिपोर्ट- सुशील कुमार