☰
Jharkhand

धक्का मारकर स्टार्ट हो रही गुमला सदर अस्पताल की एंबुलेंस, स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली आई सामने

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

गुमला (GUMLA): झारखंड को बने आज 26 साल हो गए है और इन 26 सालों में राज्य ने काफी तरक्की की. सरकारें बदली, विकास भी तेजी से बढ़ता चला गया लेकिन अभी भी ऐसी ऐसी तस्वीर सामने आती रही जिससे हर बार राज्य पर सवाल खड़े हो गए. ताज़ा मामला गुमला जिले का है जहां स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली एक बार फिर सामने आई है. यहां ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों की स्थिति तो खराब है ही, अब सदर अस्पताल में मौजूद एंबुलेंस की हालत भी सवालों के घेरे में है. अस्पताल परिसर में खड़ी एंबुलेंस को धक्का मारकर स्टार्ट किया जा रहा है. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब जिला मुख्यालय के सदर अस्पताल में ही आपातकालीन सेवाओं का यह हाल है, तो ग्रामीण इलाकों में मरीजों को किस तरह की स्वास्थ्य सुविधा मिल रही होगी.

पहले भी एंबुलेंस नहीं मिलने से गई थी युवती की जान

कुछ दिन पहले चैनपुर में समय पर एंबुलेंस नहीं मिलने के कारण एक युवती की मौत का मामला सामने आया था. घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों में एंबुलेंस की खराब स्थिति को स्वीकार करते हुए व्यवस्था सुधारने का भरोसा दिया था. लेकिन अब सदर अस्पताल से सामने आई तस्वीरों ने स्वास्थ्य विभाग के दावों पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं.

दरअसल, सदर अस्पताल में मौजूद एंबुलेंस का इस्तेमाल गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए रांची भेजने में किया जाता है. ऐसी स्थिति में एंबुलेंस का हर समय चालू हालत में रहना बेहद जरूरी है. लेकिन जिस वाहन को इमरजेंसी में तुरंत मरीज को लेकर निकलना चाहिए, उसे ही धक्का मारकर स्टार्ट करना पड़ रहा है. इससे आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारियों पर सवाल उठने लगे हैं.

भाजपा नेता ने सरकार पर साधा निशाना

इस मामले पर भाजपा के स्थानीय नेता संदीप प्रसाद ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि सरकार खुद को गरीबों की सरकार बताती है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है. उनका आरोप है कि जब मंत्री गुमला आते हैं तो उनके काफिले में गाड़ियों की लंबी कतार होती है, लेकिन गरीब मरीजों के लिए उपलब्ध एंबुलेंस की हालत खराब है. उन्होंने पूर्व की रघुवर दास सरकार और वर्तमान सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्था की तुलना करते हुए मौजूदा व्यवस्था पर सवाल उठाए.

डीसी ने भी मानी संसाधनों की कमी

वहीं, गुमला के उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने भी एंबुलेंस की स्थिति पर चिंता जताई है. उन्होंने स्वीकार किया कि सदर अस्पताल में संसाधनों की कमी के कारण मरीजों को कई बार परेशानी होती है. डीसी के मुताबिक, जिला प्रशासन की ओर से विभिन्न कंपनियों के सीएसआर फंड के माध्यम से नई एंबुलेंस उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है. इसके लिए सरकार से भी लगातार पत्राचार किया जा रहा है.

रिपोर्ट- सुशील कुमार सिंह