☰
Jharkhand

गुमला से बड़ी खबर! 13 साल की गैंगरेप पीड़िता ने RIMS में तोड़ा दम, इलाज के लिए भटकता रहा परिवार

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

गुमला (GUMLA): गुमला जिले के पालकोट प्रखंड के एक गांव की 13 वर्षीय छात्रा की सामूहिक दुष्कर्म के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई. छठी कक्षा में पढ़ने वाली किशोरी ने शनिवार को रांची के RIMS में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. परिजनों के मुताबिक, गुरुवार की देर शाम करीब 7:30 बजे कुछ लोग गंभीर हालत में छात्रा को उसके घर के पास छोड़कर चले गए थे. घटना के बाद परिजन उसे सबसे पहले सिमडेगा जिले के कोलेबिरा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे सिमडेगा रेफर किया गया. इसके बाद बेहतर इलाज के लिए रांची RIMS ले जाने की सलाह दी गई, लेकिन सही जानकारी के अभाव में परिजन किशोरी को गुमला सदर अस्पताल लेकर आ गए. यहां हालत गंभीर होने पर उसे रांची रेफर किया गया.

इलाज के लिए अस्पतालों के बीच भटकने के कारण किशोरी को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा नहीं मिल सकी. परिजनों के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे वे उसे लेकर रांची पहुंचे, लेकिन RIMS में रात करीब 10 बजे तक इलाज शुरू नहीं हो पाया. इसके बाद डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन शनिवार को किशोरी की हालत बिगड़ती गई और उसने दम तोड़ दिया. परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और इलाज के दौरान पालकोट से कोलेबिरा, फिर सिमडेगा, गुमला और अंत में रांची तक पहुंचने में काफी समय और पैसा खर्च हुआ. परिजनों का कहना है कि अगर उन्हें शुरुआत में सही चिकित्सकीय मार्गदर्शन और तत्काल मदद मिलती तो किशोरी को सीधे बेहतर इलाज के लिए रांची ले जाया जा सकता था.

इस पूरे मामले में पालकोट थाना पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं. परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस ने समय रहते सक्रियता नहीं दिखाई और किशोरी तक पहुंचने में देरी हुई. उनका कहना है कि अगर पुलिस तत्काल कार्रवाई करती, मेडिकल जांच और इलाज की प्रक्रिया में मदद करती तो परिवार को अलग-अलग अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते. बताया जा रहा है कि घटना के करीब 24 घंटे बाद तक पुलिस छात्रा तक नहीं पहुंच सकी. वहीं, किशोरी की मौत की सूचना के बाद पालकोट थाना पुलिस RIMS पहुंची. अब पुलिस के सामने घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की चुनौती है. मामले में पुलिस की जांच और कार्रवाई पर सभी की नजर है.

रिपोर्ट- सुशील कुमार सिंह