Jharkhand

पति और तीन बच्चों को छोड़ प्रेमी के गांव पहुंची प्रेमिका, साथ रखने की जिद पर मचा बवाल, जानिए पूरा मामला

Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor
पति और तीन बच्चों को छोड़ प्रेमी के गांव पहुंची प्रेमिका, साथ रखने की जिद पर मचा बवाल, जानिए पूरा मामला

गोड्डा (GODDA): गोड्डा जिले में एक प्रेम प्रसंग इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है. 26 वर्षीय महिला अपने प्रेमी के साथ रहने की जिद लेकर उसके गांव पहुंच गई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति पैदा हो गई. मामला बलबड्डा थाना क्षेत्र के घोरीकित्ता गांव का है, जहां हंगामे का माहौल बना रहा और पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा.

जानकारी के अनुसार, भागलपुर जिले के गौराडीह थाना क्षेत्र की रहने वाली आरती देवी की मुलाकात हरियाणा में काम करने के दौरान 19 वर्षीय सचिन से हुई थी. आरती जहां एक ब्यूटी पार्लर में कार्यरत थीं, वहीं सचिन एक मॉल में सुरक्षा गार्ड की नौकरी करता था. दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे यह दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई. बताया जा रहा है कि दोनों करीब एक वर्ष से एक-दूसरे के संपर्क में थे.

आरती देवी की शादी करीब आठ साल पहले गोड्डा जिले के हनवारा थाना क्षेत्र के रामकोल गांव निवासी नकुल तांती से हुई थी. उनके तीन बच्चे भी हैं. महिला का कहना है कि प्रेम संबंध गहरा होने के बाद वह पति और बच्चों को छोड़कर सचिन के साथ दिल्ली और हरियाणा में रहने लगी थी. उसका दावा है कि सचिन ने उसे पत्नी के रूप में स्वीकार किया था और दोनों कुछ समय तक साथ भी रहे.

हालांकि समय के साथ दोनों के रिश्तों में खटास आ गई. महिला का आरोप है कि अब सचिन उसे अपने साथ रखने से इनकार कर रहा है. इसी कारण वह प्रेमी के गांव पहुंची और उसके साथ रहने की मांग करने लगी. मामले को लेकर गांव में चर्चा तेज हो गई और दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बन गई. उधर, महिला के पहले पति ने भी उसे वापस अपनाने से इनकार कर दिया है. ऐसे में महिला की स्थिति असमंजसपूर्ण बनी हुई है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और स्थिति को सामान्य बनाए रखने का प्रयास कर रही है. स्थानीय स्तर पर यह मामला चर्चा का प्रमुख विषय बना हुआ है.