गोड्डा (GODDA): बसंतराय प्रखंड के पकड़िया स्थित ITI संस्थान में कैंटीन मैनेजर पर छात्राओं की ओर से गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद मामला चर्चा में है. वर्ष 2018 में बनकर तैयार हुए इस संस्थान में करीब आठ साल बाद जून 2026 से प्रशिक्षण और नामांकन की प्रक्रिया शुरू हुई थी. रांची की NGO वेंचर स्किल्ड डेवलपमेंट को संस्थान के संचालन की जिम्मेदारी दी गयी है. यहां करीब 500 छात्र-छात्राएं विभिन्न ट्रेड में प्रशिक्षण ले रहे हैं, जबकि 30 से 35 छात्राएं हॉस्टल में रह रही थीं. चार दिन पहले कुछ छात्राओं का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसमें कैंटीन मैनेजर कन्हैया कुमार पर कथित तौर पर छात्राओं को रात में कमरे में बुलाने और उनके साथ जबरदस्ती करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए. छात्राओं ने घटना जून की बतायी है. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच टीम का गठन किया है. वहीं संस्थान के प्रबंधक अभिषेक कुमार ने कहा कि जून से अब तक किसी छात्रा ने इस संबंध में प्रबंधन के पास लिखित शिकायत नहीं की थी. इसके बावजूद आरोपों की गंभीरता को देखते हुए कन्हैया कुमार को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया गया है. प्रबंधन ने कहा है कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. बताया जा रहा है कि कुछ छात्राएं संस्थान छोड़कर भी चली गयी हैं. अब जांच के दौरान यह स्पष्ट होगा कि सोशल मीडिया पर लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और घटना के संबंध में क्या तथ्य सामने आते हैं.
इधर, संस्थान की मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. ग्रामीण क्षेत्र में स्थित ITI तक पहुंचने के लिए करीब एक किलोमीटर तक खेत की पगडंडी से गुजरना पड़ता है. बिजली और पेयजल की व्यवस्था भी पूरी तरह दुरुस्त नहीं बतायी जा रही है. संस्थान में CCTV कैमरे लगे हैं, लेकिन बिजली कटने पर निगरानी व्यवस्था प्रभावित हो जाती है. परिसर में चारदीवारी भी नहीं है. ऐसे में छात्राओं की सुरक्षा, संस्थान की व्यवस्था और आपात स्थिति में पहुंच की सुविधा को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं. फिलहाल, प्रशासनिक जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
रिपोर्ट- अजित कुमार
