गोड्डा (GODDA): गोड्डा शहर में देर शाम हथियार के बल पर ज्वेलरी दुकान में हुई लूट की घटना के विरोध में आज व्यापारियों ने स्वतः बाजार बंद रखा. शहर के प्रमुख व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे और व्यापारियों ने घटना के प्रति अपना आक्रोश जताते हुए अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी तथा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की.
व्यापारियों का कहना है कि शहर में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं ने कारोबारियों में भय का माहौल पैदा कर दिया है. उन्होंने प्रशासन से मांग की कि लूटकांड में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. इस घटना के बाद मामला अब राजनीतिक रंग भी लेने लगा है. बाजार बंदी के बीच सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई नेता पीड़ित ज्वेलरी व्यवसायी से मिलने पहुंचे. नेताओं ने घटना पर चिंता जताते हुए पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया.
कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव और गोड्डा के पूर्व विधायक अमित मंडल ने अलग-अलग तरीके से पुलिस और जिला प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए. दोनों नेताओं ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की जरूरत है. उनका कहना था कि लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से आम लोगों और व्यापारियों का प्रशासन पर भरोसा कमजोर हो रहा है.
नेताओं ने प्रशासन से लूटकांड की निष्पक्ष और त्वरित जांच कराने, अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा शहर में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की. वहीं, पुलिस का कहना है कि घटना की जांच तेजी से की जा रही है और अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी चल रही है. फिलहाल गोड्डा में इस घटना को लेकर व्यापारियों और आम लोगों में भारी नाराजगी है. सभी की नजर अब पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हुई है.
रिपोर्ट: अजित कुमार
