Jharkhand

पहले पति ने पत्नी को चाकू मारा,फिर मरा समझकर खुद भी खा लिया जहर, फिर जो हुआ पढ़िए

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

गोड्डा (GODDA):गोड्डा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक पति ने अपनी ही पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. पत्नी को मरा हुआ समझकर आरोपी ने खुद भी कीटनाशक खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई. यह घटना गोड्डा जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के कुब्जी गांव की है.जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 11 से 12 बजे के बीच मिथिलेश मांझी अपनी ससुराल पहुंचा. वहां उसने अपनी पत्नी अंजलि पर अचानक चाकू से कई वार कर दिए. हमले में अंजलि गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ी. वारदात को अंजाम देने के बाद मिथिलेश वहां से फरार हो गया. 

पति-पत्नी के बीच चल रहा था लंबे समय से पारिवारिक विवाद 

घटना के बाद ग्रामीणों ने अंजलि को इलाज के लिए गोड्डा सदर अस्पताल पहुंचाया. उसकी हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया गया.बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था. इसी कारण अंजलि पिछले एक वर्ष से अपनी दो बेटियों के साथ मायके में रह रही थी.इधर, जिस समय अंजलि को घायल अवस्था में सदर अस्पताल लाया गया, उसी दौरान अस्पताल परिसर में एक अज्ञात व्यक्ति अर्धनग्न अवस्था में पड़ा मिला. अस्पताल कर्मियों ने उसे इलाज के लिए अंदर पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. 

अंजलि की गर्दन पर गंभीर चोटें आई

बाद में अंजलि के साथ अस्पताल पहुंचे ग्रामीणों में से कुछ लोगों ने उसकी पहचान अंजलि के पति मिथिलेश मांझी के रूप में की. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उसने कीटनाशक खाकर आत्महत्या की थी.घटना की सूचना मिलने पर पुलिस निरीक्षक मधुसूदन मोदक पुलिस बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे. उन्होंने घायल अंजलि का बयान दर्ज किया. पुलिस निरीक्षक ने बताया कि अंजलि ने अपने बयान में पति मिथिलेश मांझी पर चाकू से जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है. अंजलि की गर्दन पर गंभीर चोटें आई हैं, जिसके कारण उसे बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर किया गया है.फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.

रिपोर्ट-अजीत कुमार