Jharkhand

मानवता शर्मसार! ई-रिक्शा में बैठी युवती से चालक सहित 6 लोगों ने 2 बार किया गैंगरेप, फिर...

Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor
मानवता शर्मसार! ई-रिक्शा में बैठी युवती से चालक सहित 6 लोगों ने 2 बार किया गैंगरेप, फिर...

गोड्डा (GODDA): झारखंड के गोड्डा जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. जिले के महागामा थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है. मामले की जांच जारी है.

जानकारी के अनुसार, पीड़िता मूल रूप से बिहार की रहने वाली बताई जा रही है. आरोप है कि देर रात वह अपने घर तक पहुंचने के लिए ई-रिक्शा पर सवार हुई थी. इसी दौरान चालक ने बैटरी चार्ज करने का बहाना बनाकर उसे एक सुनसान स्थान पर ले गया. आरोप है कि वहां पहले से मौजूद अपने साथियों को बुलाकर चालक सहित कुल छह लोगों ने युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया. पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने उसके साथ एक बार नहीं, बल्कि दो बार दुष्कर्म किया. किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलने के बाद उसने महागामा थाना पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी और लिखित शिकायत दर्ज कराई.

शिकायत मिलते ही महागामा थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने रातभर छापेमारी कर पांच आरोपियों को हिरासत में ले लिया. वहीं, एक आरोपी अब भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. सूत्रों के मुताबिक, पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है. साथ ही घटना में इस्तेमाल किए गए वाहन, घटनास्थल और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है. पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मामले में विधिसम्मत कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है.

बताते चलें कि इससे एक दिन पहले ही गोड्डा शहर में हथियारबंद बदमाशों ने एक ज्वेलरी दुकान में लाखों रुपये के जेवर और नकदी की लूट की वारदात को अंजाम दिया था. इस घटना की जांच में पुलिस जुटी ही थी कि अब सामूहिक दुष्कर्म की इस वारदात ने जिले की कानून-व्यवस्था को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं. हालांकि, पुलिस की ओर से मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का दावा भी पुलिस ने किया है.

रिपोर्ट : अजित कुमार