गोड्डा(Godda): जिले में गोड्डा-हंसडीहा फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग पर देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में वाहन में सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवा कांग्रेस नेता समेत 4 लोग घायल हो गए. घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में रेफर किया गया है.
हादसा देर रात करीब साढ़े 12 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-133 पर कारुडीह के पास हुआ. युवा कांग्रेस नेता विकास सिंह अपने पांच दोस्तों के साथ स्कॉर्पियो से तारापीठ पूजा करने जा रहे थे. रास्ते में पोड़ैयाहाट के पेट्रोल पंप पर वाहन में तेल भरवाने के बाद सभी आगे के लिए निकले थे. कारुडीह के पास पहुंचते ही स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क पर पलट गई. वहीं, वाहन में सबसे पीछे सो रहे दीपक मंडल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
घायलों को बेहतर इलाज के लिए किया गया रेफर
हादसे के बाद घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया. गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची, दुर्गापुर, कोलकाता और भागलपुर के अस्पतालों में रेफर किया गया.
घटना की सूचना मिलने के बाद विधायक दल के नेता सह विधायक प्रदीप यादव भी सदर अस्पताल पहुंचे. उन्होंने घायलों की स्थिति की जानकारी ली और बेहतर इलाज के लिए उन्हें एंबुलेंस से संबंधित अस्पतालों में भेजने की व्यवस्था कराई.
बताया जा रहा है कि दुर्घटना के समय स्कॉर्पियो की रफ्तार काफी तेज थी. कारुडीह के पास चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके बाद स्कॉर्पियो पलट गई. हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है.
रिपोर्ट - अजीत कुमार