गोड्डा (GODDA): जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के मखनी गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब नदी किनारे स्थित श्मशान घाट के पास झाड़ियों के बीच जमीन के अंदर दफन एक महिला का शव पुलिस ने बरामद किया. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जमीन की खुदाई कर शव को बाहर निकाला. शव मिलने की सूचना फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए. अचानक हुई इस बरामदगी के बाद पूरे इलाके में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है. ग्रामीणों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि महिला का शव यहां किसने और किन परिस्थितियों में दफन किया.
जानकारी के अनुसार, बरामद महिला पिछले करीब दो महीने से लापता थी. उसके लापता होने के बाद परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे. परिवार की ओर से महिला को खोजने के प्रयास किए जा रहे थे, लेकिन लंबे समय तक उसके बारे में कोई सुराग नहीं मिल पाया था. इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि नदी किनारे श्मशान घाट के समीप झाड़ियों के बीच जमीन के अंदर एक महिला का शव दफन किया गया है. सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और निर्धारित प्रक्रिया के तहत खुदाई कर शव को बाहर निकाला.
शव बरामद होने के बाद पुलिस ने उसे अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस अब शव की पहचान सुनिश्चित करने के साथ-साथ महिला की मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है. यह भी जांच की जा रही है कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसके शव को नदी किनारे सुनसान स्थान पर किसने दफन किया. फिलहाल मामले में कई सवाल अनसुलझे हैं और पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आगे बढ़ने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह तथा घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा.
रिपोर्ट- अजीत कुमार
