गोड्डा(GODDA):गोड्डा जिले के महागामा थाना क्षेत्र के सारवां गांव में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान शेख जुल्फिकार के रूप में हुई है.घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.
शव मिलने से गांव में मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार गांव के समीप एक पेड़ पर युवक का शव लटका हुआ देखा गया.शव मिलने की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए. घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं.
परिजनों ने हत्या का जताया संदेह
मृतक के परिजनों का कहना है कि यह आत्महत्या का मामला नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या हो सकती है उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की गहन जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है.
मौके पर पहुंची पुलिस, शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही महागामा थाना प्रभारी मनोज कुमार पाल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की.बाद में महागामा प्रभाग के इंस्पेक्टर उपेंद्र महतो तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण रजक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर साक्ष्य संकलित किए.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा.फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.
इलाके में शोक और चर्चा का माहौल
घटना के बाद गांव एवं आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल है. वहीं, मौत के कारणों को लेकर लोगों के बीच चर्चा का दौर जारी है.पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले का खुलासा किया जाएगा.
रिपोर्ट-पंचम झा
