TNP DESK:गोड्डा जैसे छोटे शहर में ब्राउन शुगर का जाल दिन-ब-दिन बढ़ता ही जा रहा है.लगातार हो रही छापेमारी और गिरफ्तारियों के बावजूद इस जहर का कारोबार कम होने के बजाय बढ़ता ही जा रहा है.शुक्रवार को गोड्डा पुलिस को फिर एक बड़ी सफलता उस समय मिली, जब इस नशे के कारोबार से जुड़े 4 लोगों को पुलिस ने रंगे हाथों नशे का कारोबार करते हुए गिरफ्तार कर लिया.
शुक्रवार की देर शाम गोड्डा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) आकाश भारद्वाज ने प्रेस वार्ता करते हुए बताया कि इन चारों गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से 23 ग्राम ब्राउन शुगर, 85,920 रुपये नकद के अलावा एक लैपटॉप, कई मोबाइल फोन तथा ब्राउन शुगर इस्तेमाल करने वाली सामग्री बरामद की गई.गिरफ्तार सभी अभियुक्त पहले भी कई मामलों में जेल जा चुके हैं.
एक अभियुक्त साहेबगंज जिले का रहने वाला है.गोड्डा SDPO ने बताया कि ये लोग छोटे-छोटे बच्चों को ब्राउन शुगर की लत लगाकर, उसके बदले मोबाइल, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड आदि सामग्री बंधक के रूप में रखते थे.
SDPO आकाश भारद्वाज ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में अशोक कुमार (गोड्डा), मोहन कुमार साह (साहेबगंज), आनंद कुमार झा (गोड्डा) और अंकित अग्रवाल (गोड्डा) शामिल हैं.उनके पास से कुछ नेपाली मुद्रा भी बरामद हुई है, जिससे संकेत मिलता है कि इस जहरीले कारोबार का संबंध नेपाल से भी हो सकता है.इसकी जांच की जा रही है.सभी अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है.
