गोड्डा (GODDA): प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत बीमा राशि जारी करने के बदले रिश्वत मांगने के आरोप में सीबीआई ने एसबीआई डुमरिया शाखा (गोड्डा) के शाखा प्रबंधक रोहित कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. उन पर मृतक लाभार्थी की मां से पैसे मांगने का आरोप है.
जानकारी के अनुसार, महिला ने सीबीआई को लिखित शिकायत देकर बताया था कि उसके बेटे का निधन हो चुका है और वह प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना का लाभार्थी था. योजना के तहत परिवार को 2 लाख रुपये मिलने थे, लेकिन दावा निपटाने के एवज में बैंक मैनेजर कथित तौर पर 60 हजार रुपये रिश्वत मांग रहा था. शिकायत में यह भी कहा गया कि मैनेजर अतिरिक्त 17 हजार रुपये की मांग कर रहा था और रकम नहीं देने पर खाते से 35 हजार रुपये की निकासी रोकने की धमकी दे रहा था.
शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने मामले की जांच की, जिसमें आरोप सही पाए गए. इसके बाद 2 जून को सीबीआई ने जाल बिछाकर कार्रवाई की और शाखा प्रबंधक को मृतक की मां से 77 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया. गिरफ्तारी के बाद सीबीआई की टीम आरोपी के कार्यालय और आवास पर दस्तावेजों की जांच और तलाशी अभियान चला रही है. बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना से जुड़े भुगतान में रिश्वत लेते हुए किसी बैंक अधिकारी की गिरफ्तारी का यह राज्य का पहला मामला है.
