Jharkhand

मुखिया पर दिनदहाड़े अचानक फायरिंग से दहला ये इलाका, जानिए पूरा मामला

Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor
मुखिया पर दिनदहाड़े अचानक फायरिंग से दहला ये इलाका, जानिए पूरा मामला

गोड्डा (GODDA): पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र में गुरुवार को बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े पंचायत मुखिया अनुपम भगत उर्फ लड्डू को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी. मुख्य बाजार स्थित पंडित टोला कांबली बगीचा के पास हुई इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया. राहत की बात यह रही कि हमले में मुखिया बाल-बाल बच गए और किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे.

जानकारी के अनुसार, अनुपम भगत भारतीय स्टेट बैंक की स्थानीय शाखा से काम निपटाकर घर लौट रहे थे. इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अपराधियों ने उन्हें घेर लिया. आरोप है कि अपराधियों ने बेहद करीब से उन पर फायरिंग की. गोली चलने की आवाज से बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे. हालांकि दोनों गोलियां निशाने से चूक गईं और मुखिया सुरक्षित बच निकले. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया गया है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है.

मुखिया अनुपम भगत ने पुलिस को दिए बयान में तीन लोगों को नामजद करते हुए नयन यादव, अंकित यादव और विकास यादव पर हमले में शामिल होने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि यह हमला पूरी योजना के तहत उनकी हत्या के इरादे से किया गया. इस मामले को और गंभीर इसलिए माना जा रहा है क्योंकि अनुपम भगत वर्ष 2024 के चर्चित शैलेंद्र भगत हत्याकांड के प्रमुख गवाह हैं. हाल ही में उन्होंने अदालत में जाकर मामले में गवाही दी थी. ऐसे में ग्रामीणों और मुखिया का आरोप है कि गवाही का दबाव बनाने और उन्हें डराने के उद्देश्य से इस वारदात को अंजाम दिया गया.

घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पोड़ैयाहाट थाना पहुंच गए. आक्रोशित लोगों ने थाना परिसर का घेराव कर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की. प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का कहना था कि अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब जनप्रतिनिधियों पर भी खुलेआम हमला किया जा रहा है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर दोषियों को कानून के दायरे में लाने की मांग की है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है.